ब्यूरो/अमर उजाला, साहिया
जौनसार-बावर के पजिटिलानी क्षेत्र के लोगों का बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का सपना 13 वर्ष बाद भी अधूरा है। लोगों को बीमारियों का उपचार कराने के लिए 30 से 40 किमी की दूरी नापनी पड़ रही है। विभागीय लापरवाही के कारण पिछले 13 सालों से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण अधूरा पड़ा है।
इतने वर्षों में स्वास्थ्य विभाग ने यहां मात्र एक चिकित्सक सहित पैरा मेडिकल स्टाफ की तैनाती की। लेकिन, भवन निर्माण नहीं होने से उनका लाभ ग्रामीणों को नहीं मिल पा रहा है। स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से भवन निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराकर स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने की मांग की है। स्थानीय निवासी दीवान सिंह तोमर, सावन सिंह, टीकम सिंह, प्रेम सिंह, जीतराम शर्मा, भीम सिंह, चतर सिंह, आनंद सिंह, गुमान सिंह का कहना है कि निर्माण कार्य पूरा नहीं होने से ग्रामीणों को उपचार कराने के लिए साहिया और कालसी जाना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी गर्भवती महिलाओं और नौनिहालों को हो रही है, जिन्हें नियमित जांच और टीकाकरण के लिए तीस से चालीस किमी की दूरी नापनी पड़ रही है।
उधर, डिप्टी सीएमओ संजीव दत्त ने बताया कि कार्यदाई संस्था को शीघ्र भवन निर्माण पूरा करने का नोटिस दिया जा चुका है। निर्माण पूरा होने पर अस्पताल के लिए तैनात स्वास्थ्य कर्मी अपनी सेवाएं देना शुरू कर देंगे।