अतिक्रमण पर कार्रवाई शुरू होते ही हंगामा
ब्यूरो/अमर उजाला
मसूरी। माल रोड पर अतिक्रमण पर कार्रवाई करने पहुंची नगर पालिका की टीम को पटरी व्यापारियों के विरोध के चलते बैरंग लौटना पड़ा। इस दौरान गुस्साए पटरी व्यापारियों ने अधिशासी अधिकारी का घेराव भी किया। पटरी व्यापारियों ने नगर पालिका पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि माल रोड समेत शहर के विभिन्न स्थानों पर किए गए अतिक्रमण पर कोई कार्रवाई नहीं की जाती है।
मंगलवार को किताब घर क्षेत्र के समीप माल रोड पर अतिक्रमण के खिलाफ पालिका अधिशासी अधिकारी एमएल शाह के नेतृत्व में भारी पुलिस बल के साथ पालिका की टीम ने संयुक्त अभियान शुरू किया। जैसे ही पालिका की टीम ने एक रेहडी उठाकर वाहन में रखी तो उसकी संचालिका महिला वाहन पर पढ़ गई और सामान ले जाने का विरोध करते हुए हंगामा करने लगी। मजबूरन टीम को महिला का सामान कुछ ही दूरी पर वाहन से उतारना पड़ा, जिसके बाद महिला पुलिस को बुलाकर दोबारा सामान को वाहन में रखकर पालिका ले जाया गया। जैसे ही पालिका की टीम अंबेडकर चौक पर पहुंची तो बड़ी संख्या में वहां पटरी व्यवसायी एकत्र हो गए और ईओ का घेराव कर दिया। उनकी पालिका टीम के साथ तीखी नोकझोंक भी हुई, जिसके बाद पालिका की टीम को बैरंग लौटना पड़ा।
इस दौरान पटरी व्यवसायियों के पक्ष में कांग्रेस नेता मेघ सिंह कंडारी ने पालिका अधिशासी अधिकारी से वार्ता की। कहा कि इस संबंध में बुधवार को पालिकाध्यक्ष से वार्ता की जाएगी। सीता शर्मा, शोभा, मुरारी, अंजुम, अभिलाष सैनी, अफसर कुरैशी आदि पटरी व्यवसायियों ने मांग की है कि जब तक वेंडर जोन नहीं बन जाता या उनके बैठने की उचित व्यवस्था नहीं की जाती तब तक किसी को नहीं हटाया जाए।
पालिका अधिशासी अधिकारी एमएल शाह ने बताया कि अतिक्रमणकारियों के साथ इस संबंध में बुधवार को वार्ता की जाएगी। वार्ता के बाद जो भी निर्णय लिया जाएगा उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। माल रोड से हर हाल में अतिक्रमण हटाया जाएगा।
इस दौरान नगर अभियंता रमेश बिष्ट, महावीर राणा, टीआई महावीर भंडारी, विनोद थपलियाल सहित कई पालिका कर्मचारी मौजूद रहे।