ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
जौनसार बावर क्षेत्र में हर घर को विद्युत कनेक्शन से जोड़ने कि लिए मंगलवार को विकासनगर से प्रधानमंत्री सौभाग्य योजना रथ रवाना किया गया। विकासनगर विधायक मुन्ना चौहान और नगर पालिकाध्यक्ष शांति जुवांठा ने हरी झंडी दिखाकर रथ को रवाना किया।
नगर पालिका परिसर में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री सहज बिजली हर घर योजना के तहत उत्तराखंड के समस्त घरों को विद्युतीकृत किया जाना है। योजना के तहत अधिकतर घरों को बिजली से रोशन किया जा चुका है, जो घर छूटे हैं उन्हें इस रथ के माध्यम से कनेक्शन दिए जाएंगे। सौभाग्य योजना रथ कालसी, साहिया, चकराता, लाखामंडल, नागथात, त्यूनी आदि दूरस्थ क्षेत्रों में जाकर लोगों को योजना के प्रति जागरूक करेगा। इस दौरान नए कनेक्शन के लिए लोगों को आवेदन पत्र वितरित किए जाएंगे। कार्यक्रम में सभासद धर्मेंद्र ठाकुर, व्यापार मंडल अध्यक्ष अमरजीत सिंह, अधिशासी अभियंता संदीप कुमार गुप्ता, उपखंड अधिकारी गुरदीप सिंह, योगेश कुमार, अश्वनी कुमार, सतीश रावत, सुनील बिष्ट आदि मौजूद रहे।