ब्यूरो/अमर उजाला, चकराता
जौनसार बावर में पिछले दिनों लोखंडी के पास भारी बर्फबारी के कारण बंद त्यूनी-चकराता मार्ग सोमवार को खोल दिया गया। दो दिनों से बंद मार्ग के खुलने से वाहन चालकों ने राहत की सांस ली। हालांकि, बर्फ पूरी तरह से नहीं हटाने से मार्ग में जाम लग रहा है। वाहन चालकों को जान जोखिम में डालकर निकलना पड़ रहा है।
चकराता में मौसम के पहले हिमपात से ऊंची चोटियां बर्फ से ढकने के साथ ही त्यूनी-चकराता मार्ग लोखंडी के पास बंद हो गया था। इस मार्ग को एनएच द्वारा खोल दिया गया है। लेकिन, क्षेत्र में बस सेवा अब भी सुचारु नहीं हो पाई है। इसके अलावा इस मार्ग से जो वाहन गुजर रहे हैं उन्हें घंटों जाम का सामना करना पड़ रहा है। मार्ग से बर्फ ठीक से नहीं हटने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं, बस सेवा सुचारु न होने से स्थानीय लोगों को भी पैदल दूरी तय करनी पड़ रही है।
----
बर्फबारी से यह मार्ग अब भी हैं बंद
जौनसार बावर क्षेत्र में मौसम के पहले हिमपात के बाद देवबंद, लोखंडी-मुंडाली, बुछेर, खडवा आदि मार्ग अब भी बंद हैं। इस कारण पर्यटक इन स्थलों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं।
-----
राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को लोगों की समस्या को देखते हुए शीघ्र बंद मार्गों को खोलने के निर्देश दिए गए हैं।
- बृजेश तिवारी, एसडीएम चकराता