श्रीनगर। श्रीनगर जल विद्युत परियोजना की शक्ति नहर (पावर चैनल) से मंगसू गांव के ऊपर भारी मात्रा में पानी रिसाव होने से ग्रामीण भयभीत है। स्थानीय विधायक के निर्देश पर सिंचाई और लोनिवि की तकनीकी टीम ने मौका मुआयना किया। तकनीकी टीम ने भी जल्दी सुरक्षात्मक उपाय करने की सलाह दी है।
सुपाणा से नौर गांव तक श्रीनगर जल विद्युत परियोजना की लगभग सवा तीन किलोमीटर शक्ति नहर है। इस नहर की गुणवत्ता पर शुरू से सवाल उठते आए हैं। पूर्व में भी नहर में लीकेज की समस्या हुई है। परियोजना संचालन कर रही कंपनी एएचपीसीएल ने टल्ले लगाकर लीकेज रोकने का प्रयास किया। शनिवार तड़के मंगसू निवासी बच्चदेव भारद्वाज ने विधायक कंडारी को फोन कर नहर से पानी रिसाव होने की सूचना दी। जिस पर विधायक ने जिला प्रशासन को इससे अवगत कराते हुए तकनीकी टीम भेजने को कहा, जिस पर टीम ने स्थलीय निरीक्षण किया। गांव में लगभग चार स्थानों से भारी मात्रा में पानी रिसाव हो रहा है। इससे ग्रामीण डरे हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि लीकेज नहीं रोका गया, तो पानी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है। विधायक ने भी स्थलीय निरीक्षण करते हुए बताया कि इतनी मात्रा में पानी निकालना खतरनाक है। ग्रामीणों की सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाएगा। तकनीकी टीम के सुझाव पर काम किया जाएगा।
एसडीएम कीर्तिनगर ने परियोजना कंपनी को भेजा नोटिस
श्रीनगर। मंगसू गांव में श्रीनगर जल विद्युत परियोजना की नहर से हो रहे रिसाव पर एसडीएम कीर्तिनगर अनुराधा पाल ने परियोजना कंपनी को नोटिस जारी किया है। कंपनी को तीन दिन के भीतर जवाब देने को कहा गया है। साथ ही रिसाव के कारणों और सुरक्षा के विस्तृत अध्ययन के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित कर ली गई है। एसडीएम पाल ने शनिवार शाम को प्रभावित गांव का दौरा किया। उन्होंने बताया कि नहर में रिसाव होने पर कंपनी को नोटिस भेजा गया है। बताया कि लोनिवि व सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता और राजस्व उपनिरीक्षक की टीम जांच के लिए बनाई गई है। जांच टीम तकनीकी सुझावों के साथ ही गांव में हुए नुकसान के संबंध में रिपोर्ट देगी।