कीर्तिनगर। शहीद नागेंद्र सकलानी और मोलू भरदारी स्मृति एवं विकास मेला 2019 में पहली बार रात में सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। वहीं दोनों शहीदों के परिजनों को भी मेले में आमंत्रित कर सम्मानित किया जाएगा। साथ ही मेला शुरू करवाने में अहम भूमिका निभाने वाले पूर्व ब्लाक प्रमुख रणवीर कठैत की स्मृति में खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
क्षेत्रीय विधायक विनोद कंडारी और उप जिलाधिकारी अनुराधा पाल की अध्यक्षता में आगामी 11 से 14 जनवरी तक चलने वाले चार दिवसीय शहीदी मेले की तैयारियों पर चर्चा की गई। मेले के सफल संचालन के लिए सात कमेटियों (स्वागत, व्यवस्था, सांस्कृतिक, खेलकूद, पुरस्कार, प्रचार, स्वास्थ्य) का गठन किया गया। बैठक में तय किया गया कि शाम के बजाय रात में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ताकि ज्यादातर लोग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद उठा सके। यह भी निर्णय लिया गया कि बड़े कलाकारों को कार्यक्रम में आमंत्रित किया जाए। मेले के कार्यक्रम युवाओं और महिलाओं पर फोकस रहेंगे। कहा गया कि राजशाही के खिलाफ आंदोलन छेड़ने वाले शहीद नागेंद्र सकलानी और मोलू भरदारी के परिजनों को मेले में आमंत्रित कर सम्मानित किया जाए। ताकि मेले की सार्थकता साबित हो सके। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष कैलाशी जाखी, सभासद अजय रावत, दीपा देवी, जगदंबा कुमांई व विकास दुमागा, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष विजय राम गोदियाल और मनोरमा भट्ट आदि मौजूद थे।