पोखरी। निर्माणाधीन मार्ग के मलबे और पत्थर से पोखरी पुनर्गठन पेयजल योजना की पाइप लाइन जोणजी गांव के समीप क्षतिग्रस्त हो गई। इससे पोखरी बाजार में दस दिनों से पेयजल आपूर्ति ठप पड़ी है और लोगों को ठंड में भी पीने के पानी की व्यवस्था करना मुश्किल बना हुआ है। व्यवसायी गदेरों से वाहनों में पानी की सप्लाई कर रहे हैं।
इन दिनों जौरासी-तोणजी मोटर मार्ग का निर्माण कार्य चल रहा है। मार्ग निर्माण के दौरान मलबा और पत्थर गिरने के कारण जोणजी गांव के समीप पोखरी पुनर्गठन पेयजल योजना के पाइप क्षतिग्रस्त हो गए हैं। लोगों का कहना है कि जल संस्थान के अधिकारियों को अवगत कराने के बावजूद पेयजल योजना दुरुस्त नहीं की गई। पोखरी नगर पंचायत अध्यक्ष लक्ष्मी प्रसाद पंत का कहना है कि जल संस्थान और पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को आपसी समन्वय से पेयजल लाइन सुचारु करने के लिए कहा गया है। इधर, जलसंस्थान के सहायक अभियंता अरुण गुप्ता का कहना है कि पेयजल योजना को सुचारु किया जा रहा है। जल्द ही पेयजल आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी।