गोपेश्वर। चमोली जिले में ऑल वेदर परियोजना के तहत चल रहे हिल कटिंग कार्य से लग रहे जाम से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हिल कटिंग कार्य से शुक्रवार को बाजपुर में जाम लग गया जिससे यहां वाहनों की लाइन लग गई। कुछ समय बाद जाम खुला तो लोगों ने राहत की सांस ली।
इन दिनों एनएचडीसीएल की ओर से चमोली और कर्णप्रयाग के बीच हिल कटिंग कार्य किया जा रहा है जिससे हाईवे पर घंटों जाम लगने से लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि लोगों को गोपेश्वर से कर्णप्रयाग 33 किमी जाने में पहले एक घंटे का समय लगता था लेकिन अब यह दूरी तय करने में दो घंटे से ज्यादा का समय लग रहा है। शुक्रवार को भी यहां कुछ देर जाम लगा रहा। वहीं कई स्थानों पर हिल साइड मलबा होने से सड़क संकरी बनी है। अब्बल सिंह भंडारी, ताजबर सिंह ने जिला प्रशासन से हिल कटिंग का समय निर्धारित करने की मांग उठाई। एनएचडीसीएल के महाप्रबंधक आरसी मिश्रा का कहना है कि हिल कटिंग कार्य कर रही निर्माण एजेंसियों से 10 मिनट से अधिक वाहनों को न रोकने के निर्देश दिए गए हैं।