श्रीनगर। गढ़वाल विश्वविद्यालय से संबद्ध संस्थानों में नियम विरुद्ध सीटें बढ़ाए जाने के मामले में सीबीआई ने विवि परीक्षा विभाग के अधिकारियों से पूछताछ की है। सीबीआई विवि के परीक्षा विभाग से शिक्षा सत्र 2014-15 में कुछ संस्थानों के छात्रों का विवरण भी मांग कर ले गई है।
गढ़वाल विवि से संबद्ध कुछ संस्थानों में नियम विरुद्ध सीटें बढ़ाए जाने संबंधी मामले की जांच सीबीआई में लंबित है। इस संबंध में सीबीआई विवि के अधिकारियों से कई बार पूछताछ भी कर चुकी है। बीते दो दिन पहले सीबीआई के निरीक्षक स्तर के एक अधिकारी ने विवि के प्रशासनिक भवन पहुंच कर इस मामले में विवि के परीक्षा अनुभाग के अधिकारियों सहित अन्य अधिकारियों से पूछताछ की है। बृहस्पतिवार को सीबीआई अधिकारी ने उपकुलसचिव परीक्षा एचएम अरोड़ा व विवि के परीक्षा नियंत्रक प्रो. आरसी भट्ट से भी जानकारी ली। परीक्षा नियंत्रक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार सीबीआई ने शिक्षा सत्र 2014-15 में विवि से संबद्ध कुछ संस्थानों के छात्रों का विवरण मांगा। परीक्षा नियंत्रक कार्यालय ने वर्ष 2014-15 में इन शिक्षण संस्थानों में परीक्षा में बैठे छात्रों व उनके परीक्षा परिणामों की पूरी जानकारी सीबीआई को उपलब्ध कराई है।