ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। पहाड़ों में हो रही बर्फबारी और सुबह हुई हल्की बूंदाबांदी के बाद पारा एकदम से गिर गया है। बुधवार को तापमान 11 डिग्री तक पहुंच गया, लेकिन इसके बावजूद नगर निगम अलाव की व्यवस्था अब तक नहीं कर पाया है। नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त उत्तम सिंह नेगी ने दावा किया कि बुधवार रात को त्रिवेणी घाट, रेलवे स्टेशन, बस अड्डा आदि क्षेत्रों में अलाव की व्यवस्था की गई है, लेकिन अमर उजाला के संवाददाता ने शाम 7 बजे जब त्रिवेणी घाट, बीटीसी परिसर और रेलवे स्टेशन का दौरा किया तो इन जगहों पर कहीं भी अलाव की व्यवस्था नहीं थी। बेघर लोग ठंड से ठिठुरते नजर आए।
वहीं मेयर अनिता ममगाईं ने 10 जगहों पर अलाव जलाने के आदेश जारी किए हैं। बृहस्पतिवार से इन स्थानों पर अलाव जलने शुरू हो जाएंगे। तापमान में भारी गिरावट आने से लोग स्वयं ही अलाव की व्यवस्था कर आग सेंकते रहे। ठंड के चलते सड़कों पर चलने वालों की संख्या में भी कमी देखने को मिली। बुधवार सुबह से ही आसमान में बादल मंडरा रहे थे, इसके बाद हल्की बारिश हुई, जिसके कारण अंधेरा छा गया। दिन भी सूर्य के दर्शन नहीं होने के कारण पारा गिरता गया।
शाम होने तक ठंड इतनी बढ़ गई कि लोगों को खुद अलाव की व्यवस्था करनी पड़ी। त्रिवेणी घाट परिसर में बेसहारा लोग खुले आसमान के नीचे ठंड से ठिठुरते देखे गए। यही हाल रेलवे स्टेशन और बस अड्डे में भी देखने को मिला। वहीं दुकानदार और लोग अपने-अपने प्रतिष्ठान व घरों में हीटर सेंकते रहे।
बच्चे और अभिभावकों को हुई परेशानी
बुधवार को अचानक नगर में कड़ाके की ठंड बढ़ने से अधिकांश छोटे बच्चों की उनके अभिभावकों ने छुट्टी कर दी। अधिकतर स्कूलों के खुलने का समय नौ बजे से है, इस कारण बच्चों को तैयार कराने और स्कूलों तक पहुंचने में अभिभावकों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। कई स्कूलों में बच्चे ठिठुरते हुए स्कूल पहुंचे।
कोट्स
बुधवार रात से अलाव जलाने की व्यवस्था की जा रही थी, लेकिन ड्राइवर न मिलने के कारण लकड़ियां नहीं पहुंचाई जा सकी। बृहस्पतिवार से अलाव जलाने की व्यवस्था की गई है। दूसरी ओर बस अड्डे के प्रतीक्षालय में रैन बसेरे की भी व्यवस्था की गई है। इसमें दो कमरों में 11-11 के सेट में रजाई व गद्दे की व्यवस्था की गई है। जब तक शीतकालीन मौसम रहेगा, प्रतिदिन क्षेत्र में अलाव की व्यवस्था की जाएगी।
- उत्तम सिंह नेगी, सहायक नगर आयुक्त, नगर निगम।
सहायक नगर आयुक्त को शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्रों के कुल दस जगहों पर अलाव जलाने के लिए कहा गया है। किसी कारणवश बुधवार को अलाव जलाने की व्यवस्था नहीं हो पाई। लिहाजा निगम कर्मचारियों को बृहस्पतिवार से नगर के मुख्य स्थानों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में अलाव जलाने के सख्त निर्देश दिए है। अलाव उन जगहों पर जलाए जाएंगे, जहां गरीब व बेसहारा लोग रहते हैं। उन्हें ठंड में नहीं ठिठुरना पड़ेगा।
- अनिता ममगाई, मेयर, नगर निगम।