कीर्तिनगर। नगर पंचायत की पहली बोर्ड बैठक में नगर में पार्किंग की व्यवस्था, ढुंडप्रयाग घाट का निर्माण व पर्यटन व साहसिक खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रस्ताव पारित किए गए। साथ ही नागेंद्र सकलानी व मोलू भरदारी शहीदी स्मृति एवं विकास मेले की तिथि घोषित की गई।
नगर पंचायत अध्यक्ष कैलाशी देवी जाखी की अध्यक्षा में आयोजित पहली बोर्ड बैठक में नगर की व्यवस्थाओं, नगर में तीर्थाटन तथा पर्यटन को बढ़ावा दिए जाने के लिए प्रस्ताव पारित किए गए, जिसके तहत नगर के अंबेडकर पार्क में मल्टीस्टोरी कार पार्किंग, रामलीला मैदान में अतिथि गृह व न्यूली सैंण में पर्यटन आवासों का निर्माण किए जाने के लिए प्रस्ताव पारित किए गए। जबकि संगम व तीर्थस्थल ढुंडप्रयाग में घाट का निर्माण व नए पुल तक एडवेंचर खेलों की तैयारी व राफं्िटग की योजना बनाई गई। बैठक में 11 से 14 जनवरी 2019 शहीद नागेंद्र सकलानी व मोलू भरदारी स्मृति एवं विकास मेले के आयोजन का भी निर्णय लिया गया। जबकि नगर क्षेत्र की सरकारी भूमि को पालिका को हस्तांतरित करने व पर्यावरण मित्रों का दैनिक वेतन बढ़ाए जाने के लिए प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक में अधिशासी अधिकारी वासुदेव डंगवाल, सभासद जगदंबा कुमांई, विकास दुमागा, अजय रावत, दीपा देवी व गोवर्धन जोशी मौजूद थे।