ब्यूरो/अमर उजाला, डोईवाला। शुगर मिल डोईवाला में हरिद्वार के गन्ना क्रय केंद्र भौरी से आपूर्ति हुए पुराने और सड़े गन्ने को लेकर सोमवार को मिल के श्रमिकों ने हंगामा कर दिया। कहा कि गन्ना क्रय केंद्रो से खराब गन्ना आपूर्ति के कारण उत्पादन पर प्रभाव पड़ेगा। वहीं, मिल के अधिकारियों ने मामले की जांच का आश्वासन दिया है। शुगर मिल डोईवाला में सोमवार को हरिद्वार जनपद के रुड़की गन्ना समिति के गन्ना क्रय केंद्र भौरी से दो वाहनों से गन्ने की आपूर्ति हुई। मिल परिसर में तौल के बाद जैसे ही वाहन अंदर खड़े हुए तो श्रमिकों को वाहनों में काफी दिन पुराना कटा और सड़ा हुआ गन्ना दिखाई दिया।
सड़े गन्ने की आपूर्ति पर श्रमिक और कर्मचारी भड़क उठे और मिल प्रांगण में एकत्रित हो गए। मिल में खराब गन्ने की आपूर्ति को लेकर चीनी मिल के वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष नाराजगी का इजहार किया। श्रमिकों ने कहा कि मिल के पेराई सत्र के शुरूआती समय में ही गन्ना क्रय केंद्रों से खराब गन्ना आने लगा है। खराब गन्ने से जहां मिल में तकनीकी खराबियां आ जाती हैं वहीं, उत्पादन पर भी विपरीत प्रभाव पड़ता है। गन्ना प्रबंधक कासिम अली ने बताया कि मामले का संज्ञान लेते हुए केंद्र के तौल क्लर्क से जवाब तलब किया जा रहा है। भविष्य में गन्ना क्रय केंद्रों से बेहतर गन्ना आपूर्ति करने के निर्देश दिए गए है।
मिल में पेराई का काम धीमा
शुगर मिल डोईवाला के पेराई सत्र को शुरू हुए पांच दिन हो गए हैं, इसके बावजूद मिल का काम तेजी नहीं पकड़ पाया है। जानकारी के अनुसार मिल में कुछ उपकरणों को लेकर काम किया जा रहा है। मिल को सुचारु होने में अभी दो तीन दिनों का समय लगने की उम्मीद है। शुगर मिल प्रबंधन किसानों से गन्ना आपूर्ति ले रहा है। जैसे ही मिल में काम पूरा होगा। पेराई तेजी के साथ शुरू कर दी जाएगी।