कर्णप्रयाग। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती एक महिला की जान एलआईयू जवान और एक अन्य युवा ने रक्तदान कर बचाई। महिला के परिजनों ने रक्तदान करने वाले युवाओं का आभार जताया। अब महिला के स्वास्थ्य में सुधार है।
पोखरी ब्लाक के चौमुंडी गांव के प्रमोद चौहान ने बताया कि बहन रत्ना देवी का ऑपरेशन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में हुआ था, लेकिन इस दौरान रत्ना को खून की आवश्यकता पड़ी। उन्हें ओ निगेटिव खून की जरूरत थी। जब कर्णप्रयाग में तैनात एलआईयू जवान देवेंद्र राणा और स्थानीय युवक अतुल खंडूड़ी को इसका पता चला तो वह रक्तदान के लिए पहुंचे। दोनों ने महिला को 1-1 यूनिट रक्तदान किया। प्रमोद ने बताया कि अब महिला के स्वास्थ्य में सुधार है।