- शिक्षा मंत्री के विधानसभा में आश्वासन के बाद बेरोजगारों में जगी आस
ब्यूरो/अमर उजाला
विकासनगर। विकासनगर और सहसपुर ब्लॉक के विभिन्न स्कूलों में 31 अतिथि शिक्षकों को भर्ती होगी। शिक्षा विभाग की ओर से स्कूलों में शिक्षकों के रिक्त पदों की सूची तैयार कर ली गई है। वहीं, शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे के विधानसभा में अतिथि शिक्षकों की 15 दिनों में नियुक्ति के आश्वासन के बाद बेरोजगारों में आस जगी है।
पछवादून के विभिन्न स्कूलों के साथ ही प्रदेशभर के सरकारी स्कूलों में सहायक अध्यापक एलटी एवं प्रवक्ताओं के पदों पर लगे अतिथि शिक्षकों की 31 मार्च को सेवाएं समाप्त कर दी गईं थीं। इसके बाद से अतिथि शिक्षक नियुक्ति की मांग को लेकर समय-समय पर आंदोलन करते रहे हैं। पूर्ववर्ती सरकार में अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति को लेकर नियमावली बनाई गई थी। लेकिन, कानूनी दांव पेंच के कारण नियुक्ति का मामला अटक गया था। अब शिक्षा मंत्री के आश्वासन के बाद बेरोजगारों में एक बार फिर नियुक्ति की आस जगी है। शिक्षा विभाग के अधिकारियों के मुताबिक विकासनगर और सहसपुर ब्लॉक के विभिन्न स्कूलों में प्रवक्ताओं के 21 एवं सहायक अध्यापक एलटी के 10 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। विभाग की ओर से जल्द ही इसके लिए आवेदन मांगे जाएंगे। जबकि, गढ़वाल मंडल में 723 सहायक अध्यापकों की नियुक्ति की जाएगी।
सहायक अध्यापकों को इन स्कूलों में मिलेगी नियुक्ति
विकासनगर ब्लॉक के जीआईसी सोरना डोभरी में हिंदी, विज्ञान, सामान्य, जीआईसी हरर्बटपुर में कला का एक, जीआईसी लांघा में गणित का एक, जीआईसी डाकपत्थर में हिंदी का एक, जीआईसी बरोटीवाला में हिंदी का एक, जीआईसी केदारावाला में अंग्रेजी का एक, जीआईसी बद्रीपुर में सामान्य का एक, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कुल्हाल में अंग्रेजी सहायक अध्यापक एक पद रिक्त है। इन रिक्त पदों पर गेस्ट टीचरों की नियुक्ति की जाएगी।
विकासनगर ब्लॉक के विभिन्न स्कूलों में सहायक अध्यापक और प्रवक्ताओं के पद रिक्त हैं। इन पदों पर गेस्ट टीचरों की नियुक्ति की जाएगी। विभाग की ओर से कहां कितने टीचरों की जरूरत है इसकी सूची तैयार कर ली गई है।
- बीपी सिंह, बीईओ विकासनगर