ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
जिलाधिकारी एसए मुरूगेशन ने जिला गंगा सुरक्षा समिति की बैठक लेते हुए अधिकारियों को सख्ती बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गंगा में गंदगी गिराने वालों पर एनजीटी के नियमों के मुताबिक ही कार्रवाई होनी चाहिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि एनजीटी के निर्देशों का अक्षरश: पालन होना चाहिए। उन्होंने कूड़ा निस्तारण की उचित व्यवस्था बनाने, सीवर और गंदे नालों को नदी में गिरने से रोकने, होटल, ढाबों और आश्रमों की गंदगी नदी में गिरने से रोकने और पॉलिथीन के प्रयोग पर कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने जल संस्थान, पेयजल निगम और एडीबी अधिकारियों को नाले टेप करने, पुरानी हो चुकी सीवर लाइन को बदलने और मरम्मत करने का काम प्राथमिकता के आधार पर करने के निर्देश दिए।
उन्होंने नमामि गंगे अभियान से जुड़े सभी विभागों और एजेंसियों को एनजीटी के नियमों के अनुसार ही काम करने के निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ जीएस रावत, डीडीओ प्रदीप पांडेय, ईई जल संस्थान नमित रमोला, ईई लोनिवि जेएस चौहान, उत्तम सिंह नेगी समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।