श्रीनगर। राजकीय मेडिकल कालेज श्रीनगर को सेना के हवाले करने की कवायद के बीच सेना के मेडिकल कोर के तीन उच्चाधिकारियों ने टीम के साथ कॉलेज व बेस अस्पताल का निरीक्षण किया। शनिवार को चिकित्सा सेवा (सेना) के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल मोनमोय गांगुली भी यहां पहुंचेंगे।
एक बार फिर श्रीनगर मेडिकल कॉलेज को सेना को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया चल रही है। पिछले माह सेना के चिकित्सा और इंजीनियरिंग कोर के अधिकारियों ने कॉलेज से संबद्ध बेस अस्पताल का दौरा किया था। तब यह चर्चा थी कि सेना बेस अस्पताल के 200 बेडेड भवन को टेकओवर करने जा रही है, लेकिन पिछले दिनों सेना प्रमुख जनरल विपिन रावत और मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत की मुलाकात के बाद एक बार फिर मेडिकल कॉलेज को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसी क्रम में शुक्रवार को मेजर जनरल डा. बीएन कपूर, बिग्रेडियर डा. प्रेरक मित्तल और ले. कर्नल जितेश के साथ आर्मी कोर की टीम दोपहर बाद यहां पहुंची। उन्होंने सर्वप्रथम मेडिकल कॉलेज के प्रशासनिक भवन, कक्षाओं, लाइब्रेरी, ऑडिटोरियम और लेक्चर हॉल आदि सहित विभिन्न अनुभागों का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने देर शाम बेस अस्पताल का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने वार्ड, ऑक्सीजन प्लांट और ओपीडी का निरीक्षण किया। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सीएम रावत ने टीम को कॉलेज और अस्पताल संबंधी सारी जानकारी उपलब्ध कराई।