गोपेश्वर। 21 दिसंबर से होने वाले दो दिवसीय अनसूया मेले की तैयारियों को लेकर जिला पंचायत सभागार में बैठक हुई। मेले में शांति, सुरक्षा, पेयजल, विद्युत, साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद रखने पर चर्चा हुई। निर्णय लिया गया कि मेले का शुभारंभ मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की ओर से करवाया जाएगा। मेले में सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ बीकेटीसी के सीईओ बीडी सिंह करेंगे।
मेला अध्यक्ष बीएस झिंक्वाण की अध्यक्षता में हुई बैठक में मेले को भव्य रुप देने का निर्णय लिया गया। अध्यक्ष बीएस झिंक्वाण ने विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियों सौंपी। तय किया गया कि मेले के दौरान मेडिकल टीम की तैनाती, आक्सीजन सिलेंडर व डिस्पेंसरी की व्यवस्था जिला स्वास्थ्य विभाग की ओर से की जाएगी। मेले से पूर्व एवं मेले के उपरांत स्वच्छता व्यवस्था जिला पंचायत व एनएसएस छात्रों की ओर से की जाएगी। बैठक में पुजारी समिति के सचिव डा. प्रदीप सेमवाल, जिला पर्यटन अधिकारी वीजेंद्र पांडे, लोनिवि के ईई डीएस रावत, जिला पंचायत के मुख्य कार्याधिकारी एमएस राणा के साथ ही कई विभागों के अधिकारी मौजूद थे।