कर्णप्रयाग। महाविद्यालय में दो साल से गणित विषय में शिक्षक नहीं होने से नाराज छात्र-छात्राओं का बुधवार को गुस्सा फूट पड़ा। छात्र संघ नेताओं के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने महाविद्यालय के प्रशासनिक भवन में दो घंटे तक तालाबंदी कर नारेबाजी की और प्रदर्शन किया। इसके बाद महाविद्यालय गेट के बाहर उच्च शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत का पुतला फूंका। आंदोलन को कई पूर्व छात्र नेताओं ने भी समर्थन दिया। छात्र-छात्राओं ने कहा यदि दो दिनों में स्थायी शिक्षक की तैनाती नहीं की गई तो सात दिसंबर को दोबारा प्रदर्शन किया जाएगा।
बुधवार सुबह महाविद्यालय परिसर में छात्र संघ अध्यक्ष निकेश नेगी, यूआर सौरभ रावत, उपाध्यक्ष सौरभ तोपाल, सचिव प्रभात नेगी, सह सचिव कीर्ति थपलियाल, कोषाध्यक्ष मनीषा बिष्ट, करिश्मा गुसाईं समेत कई छात्र-छात्राओं ने नारेबाजी की। इसके बाद महाविद्यालय के प्रशासनिक भवन पर ताला लगा दिया। प्रशासनिक भवन के बाहर छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शन करते हुए कहा कि वर्ष 2016 में गणित के प्रोफेसर डा. गौरव वार्ष्णेय का तबादला कर दिया गया, जिसके बाद से यहां गणित विषय में प्राध्यापक की तैनाती नहीं हो पाई है। अंग्रेेजी और अर्थशास्त्र विषय भी महज एक-एक अतिथि शिक्षक के सहारे चल रहा है। उन्होंने कहा कि लगातार मांग के बाद उच्च शिक्षा निदेशालय ने यहां 15 दिन की व्यवस्था के लिए गणित का प्राध्यापक भेजा, लेकिन 11 दिसंबर को 15 दिन पूरे होने के बाद फिर पुराने जैसी स्थिति हो जाएगी। छात्र-छात्राओं ने एक बजे ताला खोलते हुए प्राचार्य डा. वंदना तिवारी को ज्ञापन देकर दो दिनों में कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने गेट के बाहर उच्च शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत का पुतला फूंका। छात्रों के आंदोलन को एबीवीपी के नगर मंत्री सौरभ कुमार, पूर्व छात्रसंघ महासचिव दीपक कुमेड़ी सहित कई पूर्व छात्र नेताओं ने भी समर्थन दिया। प्रदर्शन करने वालों में सचिन पुरोहित, पूजा, संध्या, सोनम, अंकित, पंकज, सचिन, गौरव, शालिनी, मेघा, निशा, मनीषा, भारती, अवंतिका, प्राची आदि शामिल थे। वहीं महाविद्यालय की प्राचार्य डा. वंदना तिवारी ने बताया कि निदेशालय को मामले में अवगत करा दिया गया है।
उच्च शिक्षा मंत्री को ज्ञापन
गैरसैंण। राजकीय महाविद्यालय के छात्र संघ अध्यक्ष कलम सिंह रावत और अन्य नेताओं ने उच्च शिक्षा मंत्री को ज्ञापन भेजकर महाविद्यालय में तैनात प्राचार्य और सहायक प्राध्यापक के स्थानांतरण की मांग की। छात्र संघ अध्यक्ष ने ज्ञापन में कहा कि महाविद्यालय में दोनों शिक्षकों में अभद्र और अमर्यादित व्यवहार को लेकर विवाद चल रहा है। इसका प्रभाव छात्र-छात्राओं की पढ़ाई और अनुशासन पर पड़ रहा है। छात्र संघ अध्यक्ष ने ज्ञापन की प्रतिलिपि जिलाधिकारी चमोली, क्षेत्रीय विधायक को भी भेजी।