ब्यूरो/अमर उजाला, मुनिकीरेती । नवनिर्वाचित नगर पालिका अध्यक्ष रोशन रतूड़ी ने शपथ लेने के बाद सोमवार को पहली बार नगर पालिका सभागार में कर्मचारियों की बैठक ली। इस मौके पर उन्होंने कर्मचारियों के साथ नगर की व्यवस्थाओं पर चर्चा की। इस मौके पर उन्होंने नगर की सफाई व्यवस्था, बिजली व्यवस्था, सड़कों की मरम्मत, पानी की व्यवस्था आदि जनहित के कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए। सफाई निरीक्षक से सफाई कर्मचारियों की लिस्ट तैयार करने के लिए कहा गया। उन्होंने कहा कि नगर की सफाई व्यवस्था के प्रति लापरवाही कतई बर्दास्त नहीं की जाएगी। इसके लिए सफाई निरीक्षक को जवाब देह बनाया जाएगा।
इसके अलावा उन्होंने विद्युत का कार्य देखने वाले कर्मचारियों को पालिका क्षेत्र तमाम स्ट्रीट लाइटों को ठीक करने के निर्देश दिए। इस मौके पर उन्होंने कर्मचारियों को जन शिकायतों को अविलंब पूरा करने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने कहा कि जन शिकायतों को दो दिन में पूरा किया जाना चाहिए। इसके लिए लोगों को अनावश्यक नगर पालिका कार्यालय के चक्कर न काटना पड़े। उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र के मुख्य मार्गों व संपर्क मार्गों पर निर्माणाधीन सामग्री जैसे रेत बजरी को डंप करने वालों को पहले हिदायत देकर फिर चालान की कार्रवाही की जाए, जिससे आम जनता को आवागमन में दिक्कतों का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कर्मचारियों से पारदर्शिता व सकारात्मक सोच के साथ काम करने को कहा है। इस अवसर पर सफाई निरीक्षक आदेश कुुुमार, लिपिक कल्याण सिंह, प्रकाश अवस्थी, विकास सेमवाल, दीपक कुमार, पिंकी देवी, सुपरवाइजर शूरवीर कैंतुरा, संग्रहकर्ता केतन शर्मा, किशन भट्ट, मदन रावत, लेखा लिपिक बेताल सिंह, विद्युतकर्मी रामस्वरूप बिजल्वाण, रंजन कंडारी, मिलन पंवार, ज्योति प्रसाद आदि मौजूद थे।
फरियादियों ने दर्ज करवाई शिकायतें
नवनिर्वाचित अध्यक्ष के नगर पालिका कार्यालय पहुंचने पर फरियादी भी अपनी फरियाद लेकर कार्यालय पहुंच गए। इस मौके पर वार्ड 11 ढालवाला के भगवान सिंह भंडारी ने बताया कि उनके वार्ड का मुख्य मार्ग बुरी तरह से क्षतिग्रस्त है। यह सड़क आज तक बनी नहीं है जबकि कई बार लिखित व मौखिक रूप से इसकी शिकायत की जा चुकी है लेकिन आज तक इस पर कोई कार्रवाही नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि अब नवनिर्वाचित अध्यक्ष रोशन रतूड़ी से आशा है कि इस मार्ग का कार्य पूरा हो पाएगा। इसके अलावा श्रवण कुमार परिवार रजिस्टर की नकल लेने के लिए कार्यालय पहुंचे। इसके अलावा अन्य फरियादियों ने भी क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर नगर पालिकाध्यक्ष से फरियाद की है।