नंदप्रयाग। ऑलवेदर रोड परियोजना के तहत पुरसाड़ी में हिल कटिंग कार्य में लगी जेसीबी अचानक पहाड़ी से गिरे मलबे में दब गई। जेसीबी चालक ने भागकर अपनी जान बचाई। जेसीबी के दबने के बाद यहां करीब दो घंटे तक वाहनों की आवाजाही ठप रही।
रविवार को पूर्वाह्न करीब ग्यारह बजे पुरसाड़ी के पास हिल कटिंग कार्य में एनएचआईडीसीएल (राष्ट्रीय राजमार्ग और बुनियादी ढांचा विकास) की जेसीबी लगी हुई थी। तभी अचानक पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर आकर जेसीबी के ऊपर गिर गया। तुरंत चालक जेसीबी से तैसे-तैसे भाग निकला और जेसीबी मलबे में दब गई। हादसे के बाद हाईवे पर वाहनों की आवाजाही रुक गई और सड़क के दोनों ओर से वाहनों की लंबी लाइन लग गई। बाद में दूसरी जेसीबी से मलबे में दबी जेसीबी को निकाला गया और मलबे का निस्तारण किया गया। इसके बाद अपराह्न एक बजे हाईवे पर वाहनों की आवाजाही शुरू हो पाई। अपर जिलाधिकारी मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि एनएचआईडीसीएल के अधिकारियों को हिल कटिंग कार्य के लिए समय निर्धारित करने के लिए कहा गया है। परियोजना कार्य से यातायात को बाधित नहीं होने दिया जा रहा है। फिलहाल हाईवे पर यातायात सुचारु है।