श्रीनगर। विकासखंड कीर्तिनगर के ग्राम पंचायत मलेथा में वीर शिरोमणी माधो सिंह भंडारी के स्मारक व सुरंग का जल्द ही कायाकल्प किया जाएगा। ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण व सौंदर्यीकरण के लिए रेल विकास निगम के अधिकारियों ने स्थल का भ्रमण कर ग्राम पंचायत को एक सप्ताह के भीतर इस्टीमेट तैयार करने को कहा है।
शुक्रवार को स्थानीय प्रशासन के साथ रेल विकास निगम के अधिकारियों की संयुक्त टीम छेडाधार स्थित माधोसिंह भंडारी स्मारक पहुंची। ग्रामप्रधान शूरवीर सिंह बिष्ट ने बताया कि टीम ने स्मारक व सुरंग का निरीक्षण किया है। इस दौरान मौजूद ग्रामीणों ने टीम से मांग की है कि स्मारक के सौंदर्यीकरण के साथ ही सुरंग के दोनों ओर पार्कों का निर्माण करवाया जाए, जिससे कि यह ऐतिहासिक स्थल तीर्थाटन व पर्यटन से जुड़ सके। इसके अलावा ग्रामीणों ने यात्री विश्राम गृह का निर्माण व स्मारक को मोटर मार्ग से जोड़ने की भी मांग की है। ग्राम प्रधान ने बताया कि स्मारक के सौंदर्यीकरण व प्रचार-प्रसार के अभाव में यह ऐतिहासिक स्थल अलग-थलग पड़ चुका है। जबकि स्मारक ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग के पास स्थित है। जहां से कि हर दिन हजारों लोग गुजरते है। ग्रामीणों की इस मांग पर रेल विकास निगम के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने ग्राम पंचायत को एक सप्ताह के भीतर स्टीमेट तैयार करने को कहा है। टीम में रेल विकास निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर ओमप्रकाश मालगुड़ी, भूमि अध्यापिक अधिकारी डा. एसके बरनवाल, एसडीएम अनुराधा पाल, तहसीलदार हरिहर उनियाल आदि शामिल थे।