गोपेश्वर। विहिप (विश्व हिंदू परिषद) और बजरंग दल की ओर से आयोजित शंखनाद सभा में संगठन के कार्यकर्ता केंद्र सरकार पर जमकर बरसे। कार्यकर्ताओं ने सरकार पर अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करने की मांग उठाई। कहा गया यदि राम मंदिर निर्माण को लेकर शीघ्र सरकार ने अपना रुख साफ नहीं किया तो संगठन को राम मंदिर निर्माण कार्य के लिए आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
गोपेश्वर बस स्टैंड पर आयोजित सभा में विहिप के मेरठ क्षेत्र प्रसार प्रमुख राजेंद्र फोगाट ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार वर्ष 2014 में देश के करोड़ों हिंदुओं से अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का वायदा कर सत्ता में आई थी। सत्ता में आने के बाद सरकार राम मंदिर के मसले पर कुछ भी बोलने और करने को तैयार नहीं है, जिससे हिंदू समाज में सरकार के प्रति नाराजगी है। फोगाट ने राम मंदिर निर्माण के लिए सभी से एकजुट होने का आह्वान किया। बजरंग दल के प्रांतीय संयोजक अनिल सैनी ने अपने ही देश में राम मंदिर निर्माण के लिए संघर्ष करने की आवश्यकता को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। इस मौके पर विहिप के जिला सहमंत्री प्रकाश बर्तवाल, जिला मंत्री राकेश मैठाणी, बजरंग दल के विभाग संयोजक पवन राठौर, कार्यक्रम संयोजक अतुल शाह, मीडिया प्रभारी हरीश तिवारी, शांति प्रसाद भट्ट, नवल भट्ट और मोहन सिंह नेगी आदि मौजूद थे। संचालन प्रकाश बर्तवाल ने किया।