श्रीनगर। डंगुरीपंथ व जनासू के ग्रामीण रेलवे स्टेशन की एप्रोच रोड पर कार्य जारी रखने पर सहमत हो गए हैं। ग्रामीणों ने प्रतिकर और मुआवजे की राशि बढ़ाए जाने की मांग के लिए नाप भूमि पर किए जा रहे रेलमार्ग का निर्माण कार्य रोक दिया था।
बृहस्पतिवार को जनासू व डुंगरीपंथ के ग्रामीणों की पुलिस व तहसील प्रशासन की मध्यस्थता में रेल विकास निगम के अधिकारियों से वार्ता हुई। जनासू व डुंगरीपंथ में ऋषिकेश कर्णप्रयाग रेल मार्ग परियोजना के तहत नाप भूमि पर कार्य चल रहा था। बीते बुधवार को ग्रामीणों ने प्रतिकर व मुआवजे की राशि बढ़ाए जाने की मांग के लिए काम रोक दिया था। ग्रामीणों का कहना था कि उनको सर्किल रेट के चार गुना कम प्रतिकर मिल रहा है, जबकि इन क्षेत्रों में जमीन के दाम सर्किल रेट से कई गुना अधिक हैं। ग्रामीणों ने प्रतिकर लेने से भी इनकार कर दिया था।
ग्राम प्रधान त्रिभुवन राणा ने बताया कि प्रशासन की मध्यस्थता में वार्ता के दौरान एनएच से रेलवे स्टेशन जाने वाले एप्रोच मार्ग निर्माण कार्य जारी रखने पर सहमति बन गई है। हालांकि गांव की ओर नाप भूमि में अब भी कार्य होने नहीं दिया जाएगा। राणा ने बताया कि 10 दिसंबर को उनके मामले में प्राधिकरण कोर्ट में सुनवाई होनी है, जिसमें प्रतिकर व मुआवजे का पता चल जाएगा। सुनवाई के बाद अगला निर्णय लिया जाएगा। वार्ता के दौरान एसडीएम मायादत्त जोशी, सीओ धन सिंह तोमर, कोतवाल एनएस बिष्ट, रेलवे के अधिकारी मौजूद थे।