पीपलकोटी। नगर पंचायत पीपलकोटी में भाजपा की जीत पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने यहां पहुंचे बदरीनाथ विधायक का फूल-मालाओं से स्वागत किया और नगर में अभिनंदन रैली निकाली। इस दौरान हुई सभा में विधायक ने कार्यकर्ताओं को आगामी पंचायत और लोक सभा चुनाव की तैयारियों में जुट जाने का आह्वान किया।
मुख्य बाजार में आयोजित सभा में विधायक महेंद्र भट्ट ने निर्वाचित नगर पंचायत अध्यक्ष रमेश बंडवाल को बधाई दी और नगर में विकास योजनाओं में सहयोग की बात कही। उन्होंने कहा कि सरकार की ऑलवेदर रोड परियोजना, रेल मार्ग और अन्य कल्याणकारी योजनाओं का जनता को सीधा लाभ पहुंचेगा। इस मौके पर राजेंद्र हटवाल, मंडल अध्यक्ष हर्षवर्द्घन मैठाणी, विधायक प्रतिनिधि मोहन नेगी, क्षेत्र पंचायत सदस्य सुनील कोठियाल, दीपक पंत, अतुल शाह, रोबिन पंवार, गजपाल बर्त्वाल, नवीन वैष्णव, संतोष कुंवर और चंद्रबल्लभ डंडरियाल आदि मौजूद थे।