गौचर। राज्यस्तरीय औद्योगिक विकास मेले की चौथी सांस्कृतिक संध्या जादूगर एनसी सरकार की अनोखी जादूगरी और लोकप्रिय हिंदी धारावाहिक वॉयस ऑफ इंडियन के विनर रहे पवनदीप राजन के नाम रही। सांस्कृतिक संध्या में दिव्यांग कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुति भी लोकप्रिय रही।
जनकल्याण समिति बागेश्वर की ओर से शुरू हुई सांस्कृतिक संध्या कुमाऊं से प्रसिद्ध युवा गायक स्व. पप्पू कार्की की स्मृति को समर्पित रही। कलाकारों द्वारा तेरी रंग्याली पिछोड़ी कमू.., तेरी माथे बिंदुली परूआ... आदि की प्रस्तुति दी गई। समिति की ओर से लोक गायिका तारा पथनी, हिम्मत सिंह, किशन दानू ने नंदा भवानी, बेड़ू पाको बारामास.. की प्रस्तुति दी। लोक जागृति विकास संस्था कर्णप्रयाग के जितेंद्र कुमार और साथी कलाकारों ने सुनील, मनोज, अंजलि आदि ने राजजात की झांकी... दिखाई। नेत्रहीन भाई- बहन नीटमल एवं अंलजि की जोड़ी ने जैसे ही कन स्वाणू लगणू उत्तराखंड.., तु दिख्यांदी जन जुन्यालि.., चल मेरी सुनीता गौचर का मेला... की प्रस्तुति पर दर्शक खूब झूमे।
जादूगर एनसी सरकार ने आंखों में पट्टी बांधकर बाइक चलाने, बालक और बालिका को हवा में उड़ाने, आई लव यू माइ इंडिया लिखने और राम, हनुमान और गांधी का चित्र बनाकर अपने अनोखी कला का जलवा दिखाया। इस मौके पर विधायक सुरेंद्र सिंह नेगी, पालिकाध्यक्ष अंजू बिष्ट, डीएम स्वाति एस भदौरिया, एसडीएम जीआर बिनवाल, डायट प्राचार्य के. सिंह, जयकृत बिष्ट, गंभीर असवाल, भगवती रावत, अर्जुन नेगी आदि मौजूद थे।
दीपिका, अजय व लक्ष्मण जीते
आईटीबीपी फायर रेंज में आयोजित राइफल सूटिंग प्रतियोगिता के महिला वर्ग में दीपिका चौधरी प्रथम, प्रिया बलूड़ी द्वितीय, शिखा रावत तृतीय रहे। पुरुष वर्ग में अजय रावत प्रथम, विपिन रावत द्वितीय और जयकृत बिष्ट तृतीय रहे। तकनीकी पुरुष वर्ग में लक्ष्मण सिंह पहले, प्रद्युम्न बिष्ट दूसरे और सौरभ कुमार तीसरे स्थान पर रहे।
पत्रकार, महिला सम्मेलन हुए
मेले के दौरान पत्रकार, महिला और पंच सम्मेलनों का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में आयोजित सम्मेलन में पत्रकारों ने जिलेभर की सिंचाई, सड़क, पानी और अन्य विभागों से जुड़े हुए लंबित मामलों को उठाया। महिला सम्मेलन में महिला सशक्तीकरण पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। ग्राम पंचायतों में विकास योजनाओं ग्राम पंचायत पर स्तर पर तैयार होने की बात भी रखी गई। सम्मेलन में ग्राम प्रधान संगठन के अध्यक्ष खिलदेव सिंह रावत, जिला पंचायत राज अधिकारी बीएस दुग्ताल, एडीओ पंचायत एमएम नगवाल आदि मौजूद थे।