श्रीनगर। एनआईटी में तैनात एक सुरक्षाकर्मी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। इधर, एनआईटी प्रशासन का कहना है कि उक्त सुरक्षाकर्मी की रात्रि ड्यूटी थी, लेकिन वह ड्यूटी पर नहीं आया था। मामले को संदिग्ध मानते हुए पुलिस जांच में जुट गई है।
एनआईटी में तैनात सुरक्षाकर्मी प्रेमबल्लभ नौटियाल (59) निवासी मरोड़ा (देहलचौंरी) हाल निवासी जाखणी का शव बुधवार शाम करीब चार बजे कीर्तिनगर चौरास मोटर मार्ग पर लोनिवि कार्यालय के समीप सड़क के नीचे गिरा हुआ मिला। मृतक के सिर व आंख पर गंभीर चोट के निशान हैं। मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। परिजनों ने बताया कि प्रेमबल्लभ मंगलवार रात को ड्यूटी के लिए श्रीनगर आया था। बुधवार को जब वह घर नहीं लौटा तो परिजन व ग्रामीण उसकी तलाश में एनआईटी पहुंचे। एनआईटी के समीप स्थित एक होटल के सीसीटीवी कैमरे में पौने 10 बजे रात उक्त कर्मचारी को देखा गया। एनआईटी प्रशासन ने बताया कि उक्त सुरक्षाकर्मी रात को ड्यूटी पर पहुंचा ही नहीं। जब 10 बजे रात उसे फोन किया गया तो उक्त सुरक्षाकर्मी ने फोन भी नहीं उठाया, जिस पर उक्त सुरक्षाकर्मी के स्थान पर दूसरे कर्मचारी की ड्यूटी लगा दी गई। कोतवाल चंदन सिंह चौहान का कहना है कि मामला संदिग्ध है। पीएम रिपोर्ट के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। हालंाकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
-मामला संदिग्ध है, सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
-चंदन सिंह, प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली कीर्तिनगर।
-एनआईटी में कार्यरत सुरक्षा एजेंसी को उक्त घटनाक्रम से अवगत कर दिया गया है। मृत प्रमाणपत्र मिलने पर एक सप्ताह के भीतर उक्त कर्मचारी के परिजनों को एक लाख का मुआवजा दे दिया जाएगा। अन्य भत्तों का भुगतान भी कर दिया जाएगा।
-कर्नल सुखपाल, रजिस्ट्रार, एनआईटी।