श्रीनगर। गढ़वाल विवि बिड़ला परिसर छात्रसंघ चुनाव का मामला सुलझता नजर नहीं आ रहा है। इसपर छात्रों ने कुलपति कार्यालय के सामने प्रदर्शन कर दोबारा मतगणना किए जाने की मांग उठाई। वहीं बताया जा रहा है कि मुख्य चुनाव अधिकारी दोबारा मतगणना के पक्ष में नहीं हैं। हालांकि कुलपति ने 7 दिसंबर तक सभी पदों पर दोबारा मतगणना के आदेश जारी किए हैं।
गढ़वाल विवि बिड़ला परिसर छात्रसंघ चुनाव में गड़बड़ी की पुष्टि हुई थी। इस पर ग्रीवांस समिति व अपीलीय अधिकारी (कुलपति) ने मुख्य चुनाव अधिकारी को दोबारा मतगणना के आदेश जारी किए थे, लेकिन मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. एन सिंह ने दोबारा मतगणना नहीं कराई। इस पर जय हो छात्रसंगठन ने हाईकोर्ट में अपील की। हाईकोर्ट ने विवि प्रशासन को जल्द छात्रसंघ चुनाव का विवाद निपटाने के निर्देश दिए। इस पर कुलपति ने 27 नवंबर को एक बार फिर मुख्य चुनाव अधिकारी को दोबारा मतगणना के निर्देश दिए। हालांकि इस बार मुख्य चुनाव अधिकारी इस संबंध में अपना रुख स्पष्ट नहीं कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि चुनाव समिति दोबारा मतगणना के पक्ष में नहीं है। बुधवार को जय हो छात्रसंगठन के कार्यकर्ताओं ने कुलपति कार्यालय के सामने विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि 7 दिसंबर तक दोबारा मतगणना नहीं कराई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। वहीं विवि प्रशासन ने चुनाव समिति के साथ बैठक भी की। हालांकि बैठक में क्या निर्णय लिया गया, विवि प्रशासन यह स्पष्ट नहीं कर रहा है। मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. एन सिंह ने इस संबंध में कुछ भी कहने से साफ इनकार कर दिया है।