- चिकित्सकों ने किया हायर सेंटर रेफर, एंबुलेंस में ऑक्सीजन न होने से कर्मी ने ले जाने से किया मना
- परिजनों ने अस्पताल के परिसर में किया जमकर हंगामा, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
ब्यूरो/अमर उजाला
विकासनगर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र त्यूनी में मंगलवार को सांस संबंधी तकलीफ होने के बाद भर्ती कराई गई महिला की जान पर बनी आई। 108 एंबुलेंस में तैनात कर्मचारियों ने एंबुलेंस में ऑक्सीजन सिलिंडर न होने की बात कर उन्हें हायर सेंटर ले जाने से मना कर दिया। जिस पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने कर्मचारियों को घेराव कर जमकर हंगामा किया। हंगामा बढ़ता देख अस्पताल प्रबंधन और कर्मचारियों ने किसी तरह से ऑक्सीजन सिलिंडर का इंतजाम कर महिला को हायर सेंटर के लिए रेफर किया।
बीते सोमवार की देर रात को शांति देवी (35) पत्नी कृष्ण प्रसाद शर्मा निवासी त्यूनी की तबियत अचानक खराब हो गई। वह सांस की बीमारी से पीड़ित है। इस पर परिजन उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे। जहां हालत बिगड़ने पर अस्पताल में तैनात चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेेंटर ले जाने के लिए कहा, लेकिन जब परिजनों ने 108 एंबुलेंस में तैनात कर्मचारियों से संपर्क साधा तो उन्हें हैडलाइट खराब होने की बात कह शांति को हायर सेंटर ले जाने से मना कर दिया, तब अस्पताल में तैनात कर्मियों ने किसी तरह से ऑक्सीजन सिलिंडर लगाकर उनकी स्थिति को किसी तरह कंट्रोल में किया। सुबह के समय जब परिजनों ने दुबारा से 108 में तैनात कर्मियों से शांति को हायर सेंटर ले जाने के लिए कहा तो वह ऑक्सीजन सिलिंडर समाप्त होने की बात कह उन्हें हायर सेंटर ले जाने से मना कर दिया। जिस पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने अस्पताल परिसर में कर्मचारियों का घेराव कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। हंगामा बढ़ता देख एंबुलेंस में तैनात कर्मियों ने बाजार से ऑक्सीजन सिलिंडर खरीद शांति को हायर सेंटर ले गए। लोगों का कहना है कि 108 सेवा अति आवश्यक सेवाओं में से एक है बावजूद एंबुलेंस में लाइट और ऑक्सीजन सिलिंडर का न होना लापरवाही है। इसके साथ ही एंबुलेंस की लाइट भी लंबे समय खराब पड़ी है। जिस कारण रात के समय सुविधा का लाभ नहीं मिलता है। मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
हंगामा करने वालों में ग्राम प्रधान मोतीकला, पूर्व बीडीसी लक्ष्मी देवी, पूूजा शैली, राम कुमारी, मुन्नी देवी, सरीता देवी, मनीषा देवी, गीता देवी, राधा देवी, देव कली, कमला देवी, तुलसी देवी, रमेश, पदम, बबलू, आदित्य पंवार आदि शामिल रहे।
मामला गंभीर है। जांच कर दोषी कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- मनीष टिकू स्टेट हैड 108 एंबुलेंस सेवा