- ब्लॉक सभागार में हुई कालसी, चकराता और विकासनगर के प्रधानाचार्यों की बैठक
ब्यूरो/अमर उजाला
कालसी। मुख्य शिक्षा अधिकारी एसबी जोशी ने बोर्ड परीक्षा की तैयारी को लेकर कालसी, चकराता और विकासखंड विकासनगर के प्रिंसिपलों को मानकों के अनुरूप परीक्षा केंद्र बनाने सहित कई आवश्यक निर्देश दिए। ब्लॉक सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने कहा कि अगले वर्ष मार्च में बोर्ड परीक्षाएं होनी हैं। इसके लिए अभी से जरूरी कदम उठाए जाएं।
सीईओ ने कहा कि बोर्ड परीक्षा को लेकर अभी से यह तय कर लिया जाए कि परीक्षा केंद्रों में पेयजल, फर्नीचर सहित सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हों। बच्चों के बैठने के लिए पर्याप्त व्यवस्था हो। जिन प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों में जरूरी सुविधाओं की कमी है, इसके लिए प्रस्ताव तैयार कर उनके कार्यालय को भेजा जाए। ताकि समय रहते इन कमियों को दूर किया जा सके। सीईओ ने बैठक में स्कूलों में जरूरी संसाधनों की भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रत्येक स्कूल में बच्चों के लिए स्वच्छत पेयजल की व्यवस्था हो। जिन स्कूलों में वाटर प्यूरीफायर नहीं लगे हैं। उन स्कूलों में तत्काल इसे लगाया जाए। बैठक में सीईओ ने स्कूलों में शैक्षणिक एवं गैरशैक्षणिक गतिविधियों की भी जानकारी ली। बैठक में खंड शिक्षा अधिकारी कालसी आरएस राणा, खंड शिक्षा अधिकारी विकास नगर बीपी सिंह, उप खंड शिक्षा अधिकारी कालसी पूजा नेगी, अतर सिंह चौहान, सविता भट्ट, मीना राणा, चंद्र भूषण विश्वकर्मा, बीएस चौहान आदि मौजूद रहे।