श्रीनगर। दिलबर दिलबर.. यारा ओ यारा, जादू तेरी नजर, नायक नहीं खलनायक हूं मैं, एम बोले तो मुन्ना भाई एमबीबीएस.. जैसे सुपरहिट गानों से अपनी छाप छोड़ने वाले बॉलीवुड सिंगर विनोद राठौर की आवाज का जादू बैकुंठ मेेले में लोगों के सिर चढ़कर बोला। राठौर ने ज्यूं ही अपने गीत छुपाना भी नहीं आता, जताना भी नहीं आता.. की शुरुआत की तो पूरा मेला पांडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। राठौर के अलावा प्लेबैक सिंगर चांदनी और बॉबी बादशाह ने अपनी आवाज से लोगों के दिलों को छुआ।
मंगलवार को बैकुंठ चतुर्दशी मेला एवं विकास प्रदर्शनी की छठवीं संध्या में आयोजित स्टार नाइट में बॉलीवुड गायकों ने धमाल मचाया। इससे पूर्व मुख्य मेला स्थल जीआईएंडटीआई मैदान में स्टार नाइट का उद्घाटन प्रदेश के उच्च शिक्षा राज्य मंत्री डा. धन सिंह रावत ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत में बॉलीवुड गायक विनोद राठौर ने फिल्म खलनायक के गाने के नायक नहीं खलनायक हूं मैं गाते हुए मंच में एंट्री की। उन्होंने प्ले बैक सिंगर चांदनी के साथ अपने कई सुपरहिट गाने सुनाए। विनोद राठौर ने मुन्ना भाई एमबीबीएस फिल्म का गाना एम बोले तो मुन्ना भाई एमबीबीएस, बाजीगार फिल्म का गाना छुपाना भी नहीं आता जताना भी नहीं आता और दीवाना फिल्म का गाना कोई न कोई चाहिए प्यार करने वाला सुनाए। श्रोताओं के अनुरोध पर उन्होंने नीले-नीले अंबर पर चांद जब आए गीत भी सुनाया। उनके अलावा गायक बॉबी बादशाह ने गुलाबी आंखें जो तेरी देखी और प्ले बैक सिंगर चांदनी ने मुस्कुराने की वजह तुम हो गुनगुनाने की वजह तुम हो, ढपली वाले ढपली बजा और लैला हो लैला जैसे गीतों से लोगों को थिरकने पर मजबूर किया। पिंकी कोहली ग्रुप के रिवांशु कोहली ने ये जवानी है दिवानी गीत से लोगों को झुमाया।