- खत उद्पाल्टा में बढ़ते नशे के कारोबार पर लोगों ने जताई चिंता
ब्यूरो/अमर उजाला
साहिया। क्षेत्र में नशे के बढ़ते कारोबार पर लोगों का गुस्सा फूटने लगा है। रविवार को खत उद्पाल्टा की सनातन धर्म मंदिर परिसर में आयोजित बैठक में नशे पर रोक लगाने के लिए निगरानी समिति का गठन किया गया। जिसमें खत अंतर्गत आने वाले प्रत्येक गांव के पांच लोगों को सदस्य नामित किया गया है। बैठक में लोगों ने नशे पर रोक न लगने पर क्षेत्रीय राजस्व उपनिरीक्षक जियालाल शर्मा को खरी-खोटी सुनाई। कहा कि यदि राजस्व पुलिस नशे के कारोबार पर अंकुश नहीं लगाता तो लोगों को आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
बैठक में खत अंतर्गत आने वाले अलसी, सकनी, कनबुआ, ककाड़ी, समाल्टा, पानुवा, दातनू, बडनू, मलेथा, बसाया, मसराड़ समेत 12 से अधिक गांवों के लोगों ने प्रतिभाग किया। खत स्याणा राजेंद्र सिंह राय ने कहा कि क्षेत्र में बढ़ती नशाखोरी पर अंकुश लगाने के लिए सभी को एकजुट होना होगा। जिसे जागरूकता से ही रोका जा सकता है। क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध व्यक्ति के दिखाई देने पर इसकी जानकारी तत्काल राजस्व पुलिस प्रशासन और निगरानी समिति को दी जाए। राजस्व उपिनरीक्षक जियालाल शर्मा ने लोगों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। इस मौके पर उद्पाल्टा के प्रधान सतपाल राय, नेवी साहिया के प्रधान मोहन लाल शर्मा, व्यापार मंडल अध्यक्ष विनोद कुमार भसीन, सुरेश चौधरी, अमर सिंह चौहान, जालम सिंह राय, पूरण सिंह राय, सुभाष भाटी, अमर सिंह राय, विक्रम सिंह राय, सिन्हा दत्त शर्मा, दयाल सिंह राय, बलवीर सिंह राय, ज्ञान सिंह राय, वीरेंद्र लाल, मुकेश चौधरी, बलवीर सिंह नेगी आदि मौजूद रहे।