जोशीमठ। टंगणी गांव के पास बदरीनाथ हाईवे पर पड़े गड्ढों को जोशीमठ के युवाओं ने स्वयं पत्थरों से भरकर सिस्टम को आइना दिखाया। हाईवे क्षतिग्रस्त होने से लोगों को आवाजाही में दिक्कत हो रही थी। शिकायत के बाद भी समस्या हल नहीं होने पर युवाओं ने स्वयं सड़क सुधारने का मन बनाया।
पाखी से हेलंग तक हाईवे कई जगहों पर उबड़-खाबड़ बना हुआ है। एनएच आईडीसीएल द्वारा अभी तक सिर्फ ऑलवेदर रोड परियोजना के कार्य पर ही ध्यान दिया जा रहा है, लेकिन अन्य जगहों पर सड़क बेहद खस्ताहाल है। जोशीमठ के लक्ष्मण सिंह बुटोला का कहना है कि लोगों की समस्याओं को देखते हुए उनके साथ क्षेत्र के चार अन्य युवाओं ने हाईवे पर हुए गड्ढों को भरने का मन बनाया। एनएच आईडीसीएल के महाप्रबंधक शैलेंद्र यादव का कहना है कि जिन स्थानों में हाईवे क्षतिग्रस्त है, वहां सुधारीकरण कार्य किया जाएगा। हाईवे पर ऑलवेदर रोड परियोजना कार्य के तहत हिल कटिंग कार्य किया जा रहा है।