गौचर। 68वें औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक मेले की पहली सांस्कृतिक संध्या शिक्षण संस्थाओं के नाम रही। छात्र-छात्राओं की मनमोहक प्रस्तुतियों में गढ़-कुमाऊंनी लोक परंपरा, देश प्रेम, सैन्य भावना, यहां की सुहानी ऋतुओं, वीर नारियों की गाथा, देव स्तुतियों और खुदेड़ गीतों की मार्मिक झलक दिखाई दी।
शुक्रवार देर रात तक चली सांस्कृतिक संध्या में शिक्षण संस्थाओं के छात्र-छात्राओं ने ईष्ट और कुल देवता पूजन, जीतू बगड़वाल नृत्य, पांडव नृत्य, छोलिया नृत्य बारामासा, झुमैलो, चौंफुला आदि परंपरागत लोक नृत्य प्रस्तुत किए। लोक गीत और लोक नृत्य की प्रतियोगिताओं के माध्यम से दर्शकों ने मंच पर वीरांगना तीलू रौतेली की वीर गाथा और जीतू बगड़वाल नृत्य नाटिका से स्याली जीजा के प्रेम प्रसंग की अमिट छाप देखी। ले बूझी जाला च्यूड़ा.. और फिर बौड़ी ऐगे बग्वाल... गीतों की प्रस्तुति ने जीवंत पौराणिक लोक परंपराओं की याद दिलाई। शिक्षण संस्थाओं के सात समुंदर पार च जाणू ब्वे.... गीत से यहां की सैन्य परंपरा, खाई खाकडी झील मां..., गीत से ऋतु वर्णन और दे द्वाया बाबा जी... गीत से कन्यादान की रस्म की प्रस्तुति दी गई। मंच पर जैसे ही दादू मेरी उल्यारा झिकुड़ी दादू मि पर्वतों की वासी... गीत की मार्मिक प्रस्तुति दिखाई दी तो दर्शक दीर्घा तालियों की गड़गड़ाहट के साथ भाव विभोर हो उठी। इसके बाद दीपा बुग्याली और उनके साथी कलाकारों ने जागरों और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। हास्य कलाकार किशन बगोट ने दर्शकों को खूब गुदगुदाया। मेले के कार्यक्रमों का संचालन प्रवक्ता चंद्रशेखर चमोला, भगवती रावत और अर्जुन नेगी ने किया। इस अवसर पर आमंत्रित अतिथि डीएम अल्मोड़ा नितिन भदौरिया, मेलाध्यक्ष डीएम स्वाति एस. भदौरिया, मेलाधिकारी एसडीएम जीआर बिनवाल, डायट प्रचार्य के. सिंह और प्रधानाचार्य केसी चौहान आदि मौजूद थे।
चेतना और ललित ने जीती क्रॉस कंट्री दौड़
गौचर। मेले में हुई छह किमी क्रॉस कंट्री दौड़ में चेतना खड़ायत-ललित प्रथम और अंकिता-प्रवींद्र सिंह द्वितीय रहे। मेले में आयोजित छात्र-छात्राओं की चल बैजयंती लोक नृत्य और लोक गीत प्रतियोगिता में राजकीय आदर्श बालिका इंटर कालेज गौचर की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन कर जूनियर वर्ग के लोक नृत्य, सीनियर वर्ग की लोक गीत और लोक नृत्य प्रतियोगिताओं में पहला स्थान हासिल किया। लोक गीत प्राथमिक वर्ग में संस्कार द पब्लिक स्कूल पहले, द ब्रिटिश प्री इंग्लिश पब्लिक स्कूल दूसरे स्थान पर रहे। लोक गीत जूनियर वर्ग में नेशनल पब्लिक स्कूल प्रथम, सरस्वती विद्या मंदिर द्वितीय स्थान पर रहा। लोक नृत्य के जूनियर वर्ग में सिटी मांटेसरी, लोक गीत सीनियर वर्ग में जीआईसी गौचर तथा लोक नृत्य सीनियर वर्ग में सरस्वती विद्या मंदिर दूसरे स्थान पर रहे। इस मौके पर गंभीर असवाल, रजनी नेगी, भागचंद केशवानी, जेसी कनवासी, डीएस चौहान, श्रद्धा रावत, पानु चौहान, सरोज डिमरी, संगीता पंवार, निमिलता नेगी आदि मौजूद थे।
भाषण प्रतियोगिता में निधि चौहान प्रथम
गौचर। मेला पंडाल में आयोजित हुई स्व. बीना स्मृति पर्यावरण संगोष्ठी में वक्ताओं ने वन एवं वन्य जीवों के संरक्षण के लिए जनता की भागीदारी बढ़ाने पर बल दिया। इस अवसर पर हुई भाषण प्रतियोगिता में निधि चौहान प्रथम, ज्योत्सना द्वितीय और आभा तृतीय रहीं। इस दौरान वनाग्नि सुरक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाली बीर बाला स्व. बीना के योगदान को याद किया गया। इस दौरान हुई गोष्ठी में पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक पहल बढ़ाने पर चर्चा हुई। गोष्ठी का शुभारंभ विधायक सुरेंद्र सिंह नेगी ने किया। इस दौरान जल जंगल जमीन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करते हुए वक्ताओं ने प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण पर बल दिया। दूसरी ओर पशुपालन विभाग और डेयरी विकास की ओर से आयोजित गोष्ठी में किसानों और पशुपालकों को कई जानकारियां दी गईं। इस मौके पर डीएफओ सुरेंद्र प्रताप सिंह, प्रमुख राधा देवी आर्य, भुवन नौटियाल, रेंजर प्रदीप कुमार गौड़, एसडीओ शिव लाल, रेंजर नवल किशोर नेगी आदि मौजूद थे।
इंसेट
मेले में आज
सुबह 10 बजे- जिला समाज कल्याण विभाग की गोष्ठी।
दोपहर 12 बजे- अक्षत नाट्य संस्था द्वारा नाटक का मंचन।
शाम 7 बजे-निजामी बंधुओं की कव्वाली कार्यक्रम।
रात्रि 9 बजे-जागर सम्राट प्रीतम भरतवाण की सांस्कृतिक संध्या।
बॉक्सिंग प्रतियोगिता भी हुई
गौचर। खेल मैदान में बॉक्सिंग प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। प्रतियोगिता का शुभारंभ विधायक सुरेंद्र सिंह नेगी ने किया। बॉक्सिंग में 49 से 52 किलो भार वर्ग में संजय चौहान, राहुल नयान, सिद्धार्थ खत्री और करन कोहली विजेता रहे। 52 से 56 किलो भार वर्ग में विजय, संजय थापा, कृष्णानंद, नीरज पुजारी, 56 से 60 किलो भार वर्ग में दौलत महर, त्रिभुवन अजय सिंह, ललित बाली, 60 से 64 किलो भार वर्ग में रतन, सूरज चंद, 64 से 69 भार वर्ग में अनिल अवस्थी, विष्णु, राहुल चौहान तथा 69 से 79 किलो भार वर्ग में नीरज देवली और संजय चौहान विजेता घोषित किए गए। इस मौके पर बॉक्सिंग एसोसिएशन जनरल सेेक्रेटरी गोपाल खोलिया, जेएस बाल्दिया, पंकज सती आदि मौजूद थे।
साहसिक खेलों का उठाया लुत्फ
गौचर। हवाई पट्टी पर हॉट एयर बैलून सफारी, पैरासेलिंग प्रशिक्षण आदि साहसिक खेलों का भी लोगों ने जमकर लुत्फ लिया। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि जिले में साहसिक खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रयास किया जा रहा है।
पूर्व विधायक शेर सिंह दानू की मूर्ति का अनावरण
देवाल। पूर्व विधायक स्व. शेेर सिंह दानू की स्मृति में लोहाजंग में आयोजित सांस्कृतिक एवं औद्योगिक पर्यटन विकास मेले के दूसरे दिन महिला मंगल दलों और स्कूली छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दीं। वहीं कर्णभूमि कला मंच के कलाकारों ने लोक गीत और लोक नृत्यों के साथ-साथ नशाबंदी, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ आदि जागरूकता कार्यक्रम प्रस्तुत किए। मेले में पूर्व विधायक स्व. शेर सिंह दानू की मूर्ति का अनावरण किया गया।
मेले के दूसरे दिन के कार्यक्रमों का उद्घाटन थराली विधायक मुन्नी देवी शाह ने किया। उन्होंने कहा कि यह वीरों और मेलों की भूमि है। इस मौके पर कर्ण भूमि कला मंच के कलाकारों ने लोकगीत व लोकनृत्य की प्रस्तुति दी। सांस्कृतिक समारोह में नशाबंदी, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का संदेश दिया। वहीं शिक्षण संस्थाओं और महिला मंगल दलों ने नंदा तेरी जात कैलाश लीजौंला.., दैणा हो जाया खोली का गणेशा... आदि लोक गीत व लोकनृत्य की शानदार प्रस्तुति दी। इस मौके पर मेलाध्यक्ष इंद्र सिंह राणा, आनंद सिंह रावत, बलबीर घुनियाल, नरेंद्र बिष्ट, नंदी कुनियाल, प्रेम सिंह दानू, दलबीर दानू, दर्शन दानू, खड़क सिंह बिष्ट, मेहरवान सिंह, भुवन बिष्ट, बख्तावर सिंह और सोवन सिंह खत्री आदि ने भाग लिया।