ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
पोस्टर बॉय व हाल ही में रिलीज हुई बॉलीवुड फिल्म लैला मजनूं में लैला की भूमिका निभाने वाली फिल्म अभिनेत्री तृप्ति डिमरी को गढ़वाल महासभा की ओर से सम्मानित किया गया। देहरादून रोड स्थित महासभा के प्रदेश कार्यालय में शुक्रवार को गढ़वाल महासभा के अध्यक्ष डॉ. राजे नेगी व आचार्य द्वारिका भट्ट ने अभिनेत्री को पुष्पगुच्छ और साईं बाबा का चित्र भेंट किया। इसके अलावा डॉ. नेगी ने तृप्ति को प्रदेश की पहली लोकभाषा ‘आखर ज्ञान पुस्तक’ व कैलेंडर भी भेंट किया।
इस अवसर पर तृप्ती ने उड़ान स्कूल में गढ़वाली भाषा सिखाए जाने के लिए डॉ. राजे नेगी को शुभकामनाएं दी। अभिनेत्री तृप्ति डिमरी ने कहा कि हमारी बोली, भाषा, संस्कृति ही हमारी असली पहचान है। इनके संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास की जरूरत है। उन्होंने कहा कि हमारे राज्य में पर्यटन एवं तीर्थाटन को बढ़ावा देने के लिए यहां की सड़क व्यवस्था को सुधारने की आवश्यकता है। स्वागत समारोह के दौरान उन्होंने स्थानीय बच्चों से संवाद भी किया। ओंकारानंद स्कूल के पांचवी कक्षा के छात्र शिवांस मिश्रा से तृप्ती ने पूछा कि बड़े होकर क्या बनना है। इस पर उसने एक्टर बनने की बात कही। इस पर उन्होंने बड़े प्यार से उसे एक्टिंग के गुर भी सिखाए। इस अवसर पर स्वागत करने वालों में पंकज भट्ट, अक्षत गोयल, मनोज नेगी, आशुतोष कुड़ियाल, दीपिका पंत, लक्ष्मण असवाल आदि मौजूद रहे। गौरतलब है कि रुद्रप्रयाग के एक छोटे से गांव नाग काकोड़ा खाल की रहने वाली तृप्ति की पढ़ाई लिखाई दिल्ली में हुई है। तृप्ती को उत्तराखंड से बेहद लगाव है।