गोपेश्वर। मटई गांव के सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य मुकुंद पुरोहित की पेंटिंग ‘आनंदी’ भारतीय दूतावास के लिए चुनी गई हैं। हाल ही में दिल्ली में आयोजित अंतरराष्ट्रीय चित्रकला प्रदर्शनी में पूर्व प्रधानाचार्य मुकुंद पुरोहित की पेंटिंग को भी रखा गया था।
प्ले विद सेंडो कॉम के अंतर्गत दिल्ली के आर्टिजन आर्ट गैलरी में अंतरराष्ट्रीय चित्रकला प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें मुकुंद पुरोहित की ‘आनंदी’ और ‘हिमवंती’ पेंटिंग भी शामिल की गई थी। ‘आनंदी’ पेंटिंग को भारतीय दूतावास के लिए चुना गया। पेंटिंग में बालिका की चार अवस्थाओं का चित्रण किया गया था, जिसे सभी लोगों ने सराहा। चिपको नेत्री गौरा देवी पुरस्कार से सम्मानित मुकुंद पुरोहित चिपको नैत्री गौरा देवी, धूम्रपान निषेध, अनछूए पर्यटन व तीर्थस्थलों के साथ ही पहाड़ की धरोहरों की पेंटिंग बनाकर उनके संरक्षण में लगे हैं। उन्होंने पत्थरों पर मूर्तिकला के अनोखे चित्रण किए हैं। मुकुंद पुरोहित का कहना है कि वे आज की पीढ़ी को पेंटिंग से करियर संवारने के लिए प्रेरित करते रहते हैं।