गोपेश्वर। स्वयं सेवी संस्था हिमाद की ओर से चाइल्ड लाइन से दोस्ती अभियान के तहत जीआईसी सोनला-बछेर में बैठक का आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सिविल जज सीनियर डिविजन रवि प्रकाश शुक्ला ने विद्यालय और घर में बच्चों को मैत्रीपूर्ण माहौल देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा के लिए लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 बनाया गया है।
जिला क्षय रोग अधिकारी एनके सिन्हा ने सिगरेट, तंबाकू सहित अन्य मादक द्रव्यों के सेवन से बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी। हिमाद के सचिव उमाशंकर बिष्ट ने कहा कि चाइल्ड हेल्ड लाइन के माध्यम से बाल श्रम, शोषण व उत्पीड़न को रोकने के लिए समुदाय को आगे आने की जरूरत है। साथ ही बच्चों के प्रति समाज की सकारात्मक एवं सुरक्षा की भावना के प्रति आमजन को जागरूक होना चाहिए। चाइल्ड हेल्प लाइन सेवा की समन्वयक प्रभा रावत ने कहा कि वर्ष 2013 से हिमाद संस्था के माध्यम से चाइल्ड लाइन सेवा 1098 का संचालन किया जा रहा है। सेवा के माध्यम से बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है। इस मौके पर प्रधानाचार्य एनएल राम, अनिल नेगी, जेएस रावत, किशोरी लाल, बीएल गोदियाल, अंजना नेगी, बीएस नेगी, एके रतूड़ी, आरके थपलियाल, डीपी पुरोहित, नीरज नेगी, दीपक, भागीरथी, दीक्षा, संतोषी आदि ने विचार रखे। संचालन उमाशंकर बिष्ट ने किया।