ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
निकाय चुनाव के लिए प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। 18 नवंबर को होने वाले मतदान के लिए नगर पालिका विकासनगर के 11 केंद्रों में 22 पोलिंग बूथ और हरबर्टपुर नगर पालिका क्षेत्र के 5 मतदान केंद्र में 11 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। नगर पालिका विकासनगर में राजकीय प्राथमिक विद्यालय रसूलपुर, आशाराम वैदिक स्कूल मेन बाजार, टाईम्स वर्ल्ड स्कूल, आशाराम वैदिक इंटर कॉलेज बाबूगढ़, सेंट पोल स्कूल, होशियार सिंह जैन बालिका इंटर कॉलेज, राजकीय प्राथमिक विद्यालय अस्पताल रोड, सेग्विंन पब्लिक स्कूल, दी एनफील्ड स्कूल में 11 केंद्र बनाए गए हैं। इन मतदान केंद्रों में पालिका के 11 वार्डों के लिए 18091 मतदाता वोट करेंगे। इनमें 9385 पुरुष और 8706 महिला मतदाता शामिल हैं।
उधर, हरबर्टपुर नगर पालिका में कन्या जूनियर हाईस्कूल, सहकारी समिति भवन, प्राथमिक विद्यालय, जीआईसी, बीडीएम स्कूल को मतदान केंद्र बनाया गया है। इसमें कुल 11 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। जहां 9 वार्डों के लिए 9035 मतदाता वोट करेंगे। इसमें 4734 पुरुष और 4301 महिला मतदाता शामिल हैं।
-----
पर्यवेक्षक ने देखी व्यवस्थाएं
विकासनगर। निकाय चुनाव के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त प्रताप शाह ने नगर पालिका विकासनगर और हरबर्टपुर में चुनावी तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने आशाराम वैदिक इंटर कॉलेज स्कूल में बनाए गए मतगणना केंद्र का भी निरीक्षण किया। यहीं पर मत पेटिकाओं को रखने के लिए स्ट्रांग रूम भी बनाया गया है। पर्यवेक्षक ने मातहतों को सभी केंद्रों में मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने और मतदान के लिए मतदाताओं की सुविधा का ध्यान रखने को कहा। कहा आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर एसडीएम जितेंद्र कुमार, बृजेश कुमार तिवारी, तहसीलदार प्रकाश शाह, जोनल मजिस्ट्रेट रमेश चंद्र गुप्ता, सेक्टर मजिस्ट्रेट विनोद कुमार, एएम बंसल मौजूद रहे।