गोपेश्वर। नगर निकाय निर्वाचन के तहत जीआईसी गोपेश्वर में जोनल, सेक्टर, पीठासीन एवं सभी मतदान अधिकारियों को मास्टर ट्रेनरों ने मतदान का प्रशिक्षण दिया। निकाय चुनाव संपन्न कराने के लिए 9 जोनल मजिस्ट्रेट, 10 सेक्टर मजिस्ट्रेट सहित कुल 439 मतदान अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी डीएम स्वाति एस भदौरिया ने कहा कि निर्वाचन कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रेक्षक अशोक कुमार गुप्ता ने सभी कार्मिकों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा। प्रशिक्षण के नोडल अधिकारी डा. योगेश धस्माना और शिक्षक आत्म प्रकाश डिमरी ने पीठासीन एवं मतदान अधिकारियों को उनके दायित्व और कर्तव्यों के बारे में बताया। मास्टर ट्रेनर मनोज तिवारी, खीम सिंह कंडारी, कैलाश चंद्र पंत ने कार्मिकों को मतदान संबंधी प्रशिक्षण दिया। इस मौके पर प्रभारी अधिकारी कार्मिक हंसादत्त पांडे, उप जिला निर्वाचन अधिकारी एमएस बर्निया, रिटर्निंग आफिसर रोहित मीणा, नेहा मीणा, योगेंद्र सिंह, परमानंद राम और जीआर बिनवाल आदि मौजूद थे।