गोपेश्वर। बदरीनाथ धाम के धर्माधिकारी भुवन चंद्र उनियाल ने फिल्म केदारनाथ पर प्रतिबंध लगाने की मांग की। वे इस संबंध में जल्द ही मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को पत्र भेजेंगे।
धर्माधिकारी भुवन चंद्र उनियाल ने कहा कि प्रज्ञा कपूर निर्मित और अभिषेक कपूर निर्देशित फिल्म केदारनाथ वर्ष 2013 में केदारनाथ में आई त्रासदी पर आधारित है। गत 30 अक्तूबर को फिल्म का टीजर व पोस्टर जारी किया गया है। इसमें जो तथ्य सामने आए हैं, वह घोर आपत्तिजनक और हिंदू समाज की आस्था पर प्रहार करने वाले हैं। नायक को केदारनाथ क्षेत्र में अन्य लोगों के साथ नमाज अदा करते हुए भी दिखाया गया है। केदारनाथ धाम के रास्ते में नमाज अदा करने वाला दृश्य समझ से परे है। केदारनाथ धाम को माध्यम बनाकर फिल्म में प्रेम प्रसंग और अश्लीलता दिखाने से धर्म संघ से जुड़े लोगों में आक्रोश है। लिहाजा तत्काल फिल्म को प्रतिबंधित किया जाए।