घाट। बाजार घाट में चमोली जिला पंचायत की लचर सफाई व्यवस्था से परेशान जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों और छात्र-छात्राओं ने स्वयं झाडू़ उठाकर बाजार में सफाई अभियान चलाया। व्यापारियों ने कहा यदि जिला पंचायत की ओर से बाजार में उचित सफाई व्यवस्था नहीं की गई तो पंचायत को टैक्स नहीं दिया जाएगा।
घाट बाजार में साफ-सफाई का जिम्मा जिला पंचायत संभाल रही है। बाजार में एक सफाई कर्मी की व्यवस्था की गई है, जो कि पर्याप्त नहीं है। ऐसे में बाजार में जगह-जगह कूड़ा बिखरा रहता है। बाजार के समीप ही नंदाकिनी और चुफलागाड नदियां भी बहतीं हैं और कूड़ा नदियों में भी जाता है। लोगों ने जिला पंचायत से बाजार की साफ-सफाई के लिए सफाई कर्मियों की संख्या बढ़ाने की मांग जिला पंचायत के अधिकारियों से की थी लेकिन स्थिति नहीं सुधरी। बृहस्पतिवार को व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों और छात्र-छात्राओं ने स्वयं झाडू़ उठाई और बाजार की साफ-सफाई में जुट गए। छात्र नेता दीपक रतूड़ी, व्यवसायी आलम राम, लक्ष्मण सिंह रावत, मदन सिंह, कमल सिंह और सुरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि जिला पंचायत की ओर से घाट बाजार की उपेक्षा की जा रही है। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख कर्ण सिंह, बलवीर घुनियाल, संदीप नेगी, प्रकाश मेंदोली, नरेश, आदित्य बिष्ट, हिमानी नौटियाल, दीक्षा, अर्चना आदि मौजूद थे।
लंबे समय से जिला पंचायत की बोर्ड बैठक नहीं हो पाई है। घाट बाजार में सफाई कर्मियों की तैनाती की योजना बनाई गई है। बोर्ड बैठक में इसका प्रस्ताव रखा जाएगा। बाजार की साफ-सफाई पर पूरा ध्यान दिया जाएगा। - एमएस राणा, अपर मुख्य अधिकारी, जिला पंचायत, चमोली।