श्रीनगर। विकास खंड कीर्तिनगर व देवप्रयाग मेें स्वीकृत चार मोटर मार्गों में से दो मोटर मार्गों का सर्वेक्षण पूरा हो चुका है, जबकि दो अन्य मोटर मार्गों का सर्वेक्षण निकाय चुनाव के बाद किया जाएगा।
चालू वित्तीय वर्ष के आरंभ में चार मोटर मार्ग स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से कांडीखाल-चंद्रबदनी मोटर मार्ग व स्यलसौड़ -पंडियालीपानी -बड़तोली खाल मोटर मार्ग का सर्वेक्षण कार्य पूरा हो चुका है। लोनिवि के अधिशासी अभियंता बीएस नेगी ने बताया कि मोटर मार्गों का एलाइनमेंट प्रस्ताव अनुमोदन के लिए अधीक्षण अभियंता कार्यालय को भेजा जाएगा। इसके बाद वन भूमि संबंधी कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। मोटर मार्ग पर पड़ने वाली वन भूमि की पत्रावली भी तैयार की जा चुकी है। दिसंबर अंत तक सभी मोटर मार्गों की पत्रावलियां अनुमोदन के लिए उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी। पूर्व जिला पंचायत सदस्य रंजन रतूड़ी, रामलाल गोदियाल, भगत सिंह राणा, मेहरबान सिंह पंवार, विनोद रावत, प्रधान संगठन के अध्यक्ष रामेश्वर लखेड़ा, शैलेंद्र पंवार आदि ने खुशी व्यक्त की है।