कर्णप्रयाग/आदिबदरी। एसजीआरआर पब्लिक स्कूल कर्णप्रयाग (जयकंडी) और एसजीआरआर पब्लिक स्कूल आदिबदरी में आयोजित खेलकूद प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने अपना हुनर दिखाया।
एसजीआरआर पब्लिक स्कूल कर्णप्रयाग की वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिताओं के दूसरे दिन फ्रॉग रेस में नैतिक, शिवांग, अर्पित बर्तवाल, जह्वानवी, हैप्पी अपने-अपने वर्गों में प्रथम स्थान पर रहे। खो-खो प्रतियोगिता के प्राथमिक और जूनियर बालिका वर्ग में भाभा सदन ने रमन सदन को, सीनियर वर्ग में भाभा सदन ने रामानुजम सदन, बालक वर्ग प्राथमिक में रमन सदन ने आर्यभट्ट सदन को हराया। जूनियर वर्ग में रामानुजम सदन ने भाभा सदन को, सीनियर वर्ग में रामानुजम सदन ने आर्य भट्ट सदन को हराया। लंबी कूद सीनियर बालिका वर्ग में रवीना नेगी ने प्रथम, जूनियर वर्ग में अंशिका प्रथम रही। बालक वर्ग सीनियर में अजय नेगी ने प्रथम और जूनियर में अंशुल नेगी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस मौके पर प्रधानाचार्य बीपी डोभाल, बीएन कुनियाल, केएस लखेड़ा और दिनेश बहुगुणा आदि मौजूद थे। उधर एसजीआरआर आदिबदरी की वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिताएं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ शुरू हुईं। प्रतियोगिताओं का शुभारंभ करते हुए सामाजिक कार्यकर्ता नरेंद्र चाकर ने कहा कि पढ़ाई के साथ ही प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने से छात्रों का सर्वांगीण विकास होता है। प्रतियोगिताओं के पहले दिन प्राथमिक वर्ग की 50 मीटर दौड़ में रुद्रेश बरमोला ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 100 मीटर दौड़ के सीनियर वर्ग में गणेश बहुगुणा अव्वल रहे। इस मौके पर विजय चमोला, भुवन चंद्र बरमोला, प्रधानाचार्य एमएस कुंवर और स्वाति रावत आदि मौजूद थे।