श्रीनगर। बैकुंठ चतुर्दशी मेले में पहली बार कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन होगा। मेले के दौरान गंगा स्वच्छता के लिए 10 हजार लोगों को शपथ भी दिलाई जाएगी। मेले को भव्य रूप देने के लिए प्रशासन युद्ध स्तर पर तैयारी कर रहा है। इस बार मेले में खेल तमाशों के लिए पास नहीं मिलेंगे।
सोमवार को पालिका सभागार में एसडीएम की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इस दौरान विभिन्न कार्यक्रमों एवं खेलकूद प्रतियोगिताओं के लिए प्रभारियों को जिम्मेदारी दी गई। बैठक में निर्णय लिया गया है, कि इस बार मेले में कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। 26 नवंबर को स्टार नाइट, 27 नवंबर को माधो सिंह भंडारी उत्तराखंडी गीत एवं नृत्य नाटिका का आयोजन किया जाएगा। एसडीएम मायादत्त जोशी ने कहा कि इस बार खेल तमाशों के लिए पास व्यवस्था नहीं होगी। हालांकि खेल तमाशों का शुल्क कम किया जाएगा। बैठक में अधिशासी अधिकारी एसपी गुप्ता, महंत आशुतोष पुरी महाराज, पूर्व पालिका अध्यक्ष मोहन लाल जैन, दिनेश असवाल, अतर सिंह असवाल, प्रदीप मल्ल, राकेश सेमवाल, लक्ष्मी रावत, कई लोग मौजूद थे।