कर्णप्रयाग। नंदासैंण पर्यावरण संवर्द्धन एवं पर्यटन विकास मेले का नंदा और लाटू देवता की पूजा के साथ आगाज हो गया। मेले के पहले दिन महिला मंगल दलों और सांस्कृतिक संस्थाओं के कलाकारों ने लोक गीत और नृत्य की शानदार प्रस्तुतियां दीं। मेला समिति ने पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने पर पत्रकार जितेंद्र पंवार को स्मृति चिह्न और शॉल देकर सम्मानित किया।
शुक्रवार को मेला मैदान में ग्रामीणों और मेला समिति ने लाटू देवता और मां नंदा की पूजा की। इसके साथ ही नंदासैंण मेले का आगाज हो गया। मेले का उद्घाटन भाजपा के राष्ट्रीय सचिव तीरथ सिंह रावत और विधायक सुरेंद्र सिंह नेगी ने संयुक्त रूप से किया। उन्होंने मेले को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। इसके बाद स्कूली बच्चों ने मार्च पास्ट और ध्वजारोहण किया। वहीं महिला मंगल दलों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दीं। लोक जागृति विकास संस्था के जितेंद्र कुमार और अन्य कलाकारों ने नंदा तेरी जात पैटण बैठिगे..., बेटी को मोल बडु अनुमोल... सहित कई गढ़वाली और कुमाऊंनी लोक गीतों की प्रस्तुतियां दीं। मेला समिति के अध्यक्ष विनोद नेगी और अन्य ने मुख्य अतिथियों का सम्मान किया। इस मौके पर गबर सिंह रावत, पूर्व अध्यक्ष भुवन नौटियाल, मुकेश नेगी और हरेंद्र चौधरी आदि मौजूद थे।
100 मीटर दौड़ में सुमित और प्रियंका प्रथम
कर्णप्रयाग। नंदासैंण मेले में आयोजित खेल प्रतियोगिताओं के 100 मीटर दौड़ के प्राथमिक वर्ग में सुमित और प्रियंका प्रथम रहे। सब जूनियर वर्ग में रोहित और सोनम ने बाजी मारी। 400 मीटर दौड़ के सब जूनियर वर्ग में मोहम्मद जाफर और सोनम अव्वल रहे, तो इसी प्रतियोगिता के प्राथमिक वर्ग में कृष्णा और प्रियंका ने बाजी मारी। ग्रामीण पेंटिंग प्रतियोगिता में मालई की अंजना नेगी प्रथम रहीं।
सड़क के लिए विधायक को घेरा
कर्णप्रयाग। सड़क नहीं बनने से नाराज मालई के ग्रामीणों ने विधायक सुरेंद्र सिंह नेगी का घेराव किया। ग्रामीणों ने कहा कि ग्रामीण लगातार 16 सालों से गांव के लिए सड़क की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक सड़क नहीं बन पाई है। विधायक सुरेंद्र सिंह नेगी ने मामले में एक माह में कार्रवाई करने का आश्वासन दिया, जिस पर ग्रामीण शांत हुए।
शुक्रवार को विधायक सुरेंद्र सिंह नेगी नंदासैंण मेले के उद्घाटन अवसर पर पहुंचे थे लेकिन मेला पंडाल से बाहर मालई के ग्रामीणों ने सड़क सुविधा की मांग करते हुए नारेबाजी की और विधायक का घेराव किया। ग्रामीणों ने कहा कि वर्ष 2002 से नंदासैंण से मालई गांव तक करीब 3 किमी सड़क निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन जनप्रतिनिधियों की अनदेखी के चलते अभी तक गांव सड़क सुविधा से वंचित है। ऐसे में ग्रामीणों को करीब दो किमी पैदल चलना पड़ रहा है। आधा घंटे तक घेराव के बाद विधायक सुरेंद्र सिंह नेगी ने ग्रामीणों को एक माह में कार्रवाई का आश्वासन दिया। घेराव और प्रदर्शन करने वालों में मोहन सिंह भंडारी, सूरज सिंह भंडारी, महिला मंगल दल अध्यक्ष सरिता कुंवर, पार्वती देवी और अनीता देवी सहित अन्य ग्रामीण शामिल थे।