कर्णप्रयाग। स्व. दरवान सिंह नेगी वार मेमोरियल राजकीय इंटर कालेज के दसवीं और 12वीं के छात्रों की परिषदीय परीक्षाओं की तैयारी शताब्दी समारोह समिति कराएगी। समिति विषय विशेषज्ञों की ओर से 15 नवंबर से बच्चों को तीन माह के लिए ट्यूशन पढ़ाएंगे। इसका खर्चा समिति स्वयं वहन करेगी।
100 साल पूरे कर चुके वार मेमोरियल राजकीय इंटर कालेज में एक साल से हाईस्कूल गणित के अलावा इंटरमीडिएट में गणित और भौतिक विज्ञान के शिक्षक नहीं हैं। विद्यालय के 100 साल पूरे होने पर 26 अक्तूबर से 29 अक्तूबर तक हुए शताब्दी समारोह की आयोजन समिति अब विद्यालय में पढ़ रहे छात्रों की मदद के लिए आगे आई है। समिति ने प्रथम चरण में 10वीं और 12वीं के छात्रों को तीन माह तक परिषदीय परीक्षाओं की तैयारी कराने का जिम्मा उठाया है। इसके लिए 15 नवंबर से शुरू होने वाले कार्यक्रम के तहत 10वीं और 12वीं के बच्चों को ट्यूशन पढ़ाया जाएगा। शताब्दी समारोह समिति के सचिव भुवन नौटियाल ने बताया कि ट्यूशन की कक्षाएं सुबह और शाम स्कूल समय से अतिरिक्त समय में संचालित होंगी।