कर्णप्रयाग। ब्लाक के बीस से अधिक गांवों को मुख्यालय से जोड़ने वाली नैनीसैंण सड़क बदहाल बनी है। यहां टूटी दीवारें और क्षतिग्रस्त पुश्ते सहित भूस्खलन क्षेत्रों में आए मलबे से आवाजाही जोखिम भरी हो गई है। ग्रामीणों ने जल्द सड़क दुरुस्त करने की मांग उठाई।
ब्लाक के नाकोट, धार-डुंग्री, कनखुल मल्ला और तल्ला, सुखतोली, कोलाडुंग्री, फलोटा, ग्वाड़, पारतोली, किमोली, बणेसाली, नौसारी, स्वर्का, कुनेथ और कुंडडुंग्रा सहित अन्य आसपास के गांवों को जोड़ने वाला मार्ग कई जगह क्षतिग्रस्त है। प्रधान खिलदेव सिंह रावत, भगवान कंडवाल, रणवीर सिंह, रीना देवी सहित दीपक रावत, पुष्कर सिंह, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य राजेंद्र सिंह नेगी आदि का कहना है कि मार्ग आईटीआई से लेकर धारडुंग्री सहित कई जगह क्षतिग्रस्त है। पहाड़ी का मलबा भी कई जगह दुर्घटनाओं का कारण बना है। नालियां बंद हैं जबकि सड़क दोनों ओर से संकरी हो गई है। लोनिवि गौचर के सहायक अभियंता मोहम्मद राशिद का कहना है कि सड़क की मरम्मत के लिए करीब 9 लाख का इस्टीमेट भेजा है। साथ ही कुछ स्थानों (छोटे क्षतिग्रस्त भाग) पर विभाग खुद के मद से भी मरम्मत कार्य कर रहा है।
सिमली-ग्वालदम मार्ग बना उबड़-खाबड़
कर्णप्रयाग। सिमली-ग्वालदम मोटर मार्ग नौली बाजार में उबड़-खाबड़ बना हुआ है। राकेश चंद्र, गिरीश नौटियाल, भरत सिंह बिष्ट आदि ने बताया कि बीआरओ की ओर से एक साल से सड़क सुधारीकरण का कार्य किया जा रहा है, लेकिन नौली बाजार की सड़क अभी तक ठीक नहीं की गई। इससे वाहन चालकों और राहगीरों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने जल्द मोटर मार्ग दुरुस्त करने की मांग की।