ब्यूरो/अमर उजाला
डोईवाला। दी होराईजन स्कूल जौलीग्रांट को दसवें वार्षिकोत्सव संस्कार में स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से लोगों का मन मोह लिया। विद्यालय की ओर से मेधावी बच्चों के अलावा उल्लेखनीय योगदान देने के लिए शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया।
जौलीग्रांट स्थित विद्यालय परिसर में दसवें वार्षिकोत्सव का शुभारंभ मुख्य अतिथि सीबीएसई के क्षेत्रीय अधिकारी रणबीर सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि संस्कारों से ही समाज को उचित दिशा प्रदान की जा सकती है। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में बच्चों ने जगन्नाथ यात्रा, राम भरत मिलाप व संस्कारों का महत्व पर नुक्कड़ नाटकों की प्रस्तुति दी। आपसी भाईचारा बढ़ाने के लिए सोशल नेटवर्किंग के इस्तेमाल का चित्रण किया।
इस दौरान अनुशासन और नेतृत्व के लिए प्रीति चौहान, विद्यालय विकास के लिए विकास गुप्ता, स्पेशल बच्चों को शिक्षित करने के लिए तरुणा नेगी के अलावा गीता सूद, यामिनी शर्मा और आरती रावत आदि शिक्षिका को सम्मानित किया गया। स्कूल ऑफ दी ईयर के लिए शिवांक कृषाली, स्पोर्ट्स ब्वाय के लिए अमन गुसाईं और दिशांत राज, स्पोर्ट्स गर्ल के लिए शैफाली मनवाल और खुशी नेगी के अलावा सर्वश्रेष्ठ सदन के लिए अरावती सदन को पुरस्कार मिला। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधक कैप्टन एके शर्मा, प्रधानाचार्य नम्रता शर्मा, मीनाक्षी गंगोत्रा, मीनाक्षी सोती, कैप्टन टीएस रावत, जगदीश पांडे, सुरेंद्र चौहान, संदीप मेहता, विकास गुप्ता, राज सिंह, हिमानंद सिल्सवाल आदि मौजूद रहे।