श्रीनगर। गढ़वाल विवि प्रशासन ने उन्नत भारत अभियान के तहत गोद लिए गांवों के विकास की पहल शुरू की है। विवि ने गांवों के विकास के लिए जिला प्रशासन को प्रस्ताव व सुझाव दिए हैं। जिला प्रशासन ने सुझावों पर सकारात्मक रुख अपनाया है।
गढ़वाल विवि में उन्नत भारत अभियान के नोडल अधिकारी डा. प्रशांत कंडारी व विवि के सहायक जनसंपर्क अधिकारी आशुतोष बहुगुणा ने मुख्य विकास अधिकारी दीप्ति सिंह ने वार्ता की। इस दौरान उक्त दोनों अधिकारियों ने उन्नत भारत अभियान के तहत गोद लिए कठूड़, पोखरी, कोटी, डोब, कल्डुंग, कथुंड व जामनाखाल सहित कई अन्य गांवों में सड़क निर्माण, सार्वजनिक स्थानों पर सौर ऊर्जा लाइट लगाए जाने सहित कई अन्य सुझाव रखे तथा विकास योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। कुछ गांवों में नए सड़क मार्ग निर्माण का प्रस्ताव भी दिया गया है। डा. प्रशांत कंडारी ने कहा कि सीडीओ दीप्ति सिंह ने उनके सुझावों व प्रस्तावों पर गंभीरता पूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया है।