ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश
गंगा के लिए अनशन कर रहे संत गोपालदास को दिल्ली के ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेद में रेफर किया गया है। सोमवार को एम्स ऋषिकेश से रेफर हुए संत गोपाल दास के साथ तहसीलदार ऋषिकेश, पुलिस और चिकित्सकों की टीम भी दिल्ली गई है। गोपालदास को अपरान्ह करीब दो बजे एम्स ऋषिकेश से दिल्ली के लिए रवाना किया गया।
संत गोपालदास ऋषिकेश से दिल्ली तक के बड़े अस्पतालों में भर्ती और रेफर हो चुके हैं। अब तक जितने भी अस्पतालों में संत गोपालदास भर्ती हुए हैं वहां रेफर होने से पहले विवाद के तार जरूर जुड़े हैं। बीते दिनों राष्ट्रपति के दौरे पर उन्हें त्रिवेणी घाट से उठाकर जौलीग्रांट हिमालयन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां आरोप लगा कि बिना उनकी इच्छा के ही लामा के तहत अस्पताल प्रबंधन ने उन्हें डिस्चार्ज कर दिया। एम्स ऋषिकेश पर वे पहले ही तानाशाही और बर्बर रवैए के अनगिनत आरोप लगा चुके हैं। इससे पूर्व दिल्ली एम्स भी गोपालदास रेफर किए जा चुके हैं। वहां से जब एम्स ऋषिकेश् रेफर किया गया, तो उस दौरान भी उन्होंने अनदेखी और प्रशासनिक उत्पीड़न का आरोप लगाया था।
गोपालदास शुरू से ही मांग करते रहे हैं कि उन्हें आयुर्वेदिक इलाज मुहैया कराया जाए। संभवत: इसी के मद्देनजर इस बार एम्स ऋषिकेश की ओर से उन्हें अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान, दिल्ली रेफर किया गया है। एसडीएम प्रेमलाल ने बताया कि संत गोपालदास के साथ तहसीलदार दयाराम को भेजा गया है। इसके अलावा पुलिसकर्मी और चिकित्सकों की टीम भी उनके साथ मौजूद है।