गौचर। देहरादून से बदरीनाथ धाम जा रहे हैरिटेज कंपनी के हेलीकॉप्टर को मौसम की खराबी के कारण आईटीबीपी गौचर के हैलीपैड पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। करीब दो घंटे बाद मौसम खुलने पर कंपनी का हेलीकॉप्टर पांच यात्रियों को लेकर देहरादून लौट गया।
शनिवार को हैरिटेज कंपनी का हेलीकाप्टर देहरादून से दिल्ली के पांच यात्रियों को लेकर बदरीनाथ रवाना हुआ। हेलीकॉप्टर चमोली पहुंचा ही था कि अचानक मौसम खराब होने के कारण कोहरा आ गया। ऐसे में हेलीकॉप्टर इमरजेंसी लैंडिंग के लिए चमोली से लौटने लगा और कर्णप्रयाग-गौचर के बीच लैंडिंग की लोकेशन ढूंढने लगा। हेलीकॉप्टर ने नगर क्षेत्र से मात्र 100 मीटर की ऊंचाई से दो चक्कर लगाए और पौने बारह बजे आईटीबीपी आठवीं वाहिनी गौचर के हेलीपैड पर इमरजेंसी लैंडिंग की। दोपहर दो बजे मौसम साफ हुआ तो हेलीकॉप्टर यात्रियों को लेकर देहरादून के लिए रवाना हुआ। आईटीबीपी के कमांडेंट गिरीश चंद्र पुरोहित ने बताया कि हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग के दौरान वाहिनीं के जवानों ने पायलट और यात्रियों का सहयोग किया। हैरिटेज कंपनी के निदेशक रोहित माथुर ने बताया कि मौसम की खराबी के कारण हेलीकॉटर को इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी।